Site icon chattisgarhmint.com

एकलव्य विद्यालय छर्राटांगर में तीन दिवसीय ‘उद्भव 2026’ का भव्य शुभारंभ, विद्यार्थियों ने बिखेरी सांस्कृतिक प्रतिभा

Spread the love

लोकसभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया रहे मुख्य अतिथि, 8 एकलव्य विद्यालयों के विद्यार्थी ले रहे हिस्सा

जनजातीय विरासत, संस्कृति एवं राष्ट्रीय एकता की थीम पर 30 नवंबर तक होंगे विविध सांस्कृतिक एवं साहित्यिक आयोजन

रायगढ़, 28 नवंबर 2026//जनजातीय कला, संस्कृति, संगीत, नृत्य और साहित्य को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय छर्राटांगर घरघोड़ा में तीन दिवसीय संकुल स्तरीय सांस्कृतिक एवं साहित्यिक उत्सव ‘उद्भव 2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ। 28 से 30 नवंबर तक आयोजित इस उत्सव में रायगढ़ संकुल के अंतर्गत आने वाले 8 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के विद्यार्थी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उत्सव की थीम ‘विरासत, संस्कृति एवं राष्ट्रीय एकता’ रखी गई है, जिसके माध्यम से जनजातीय परंपराओं, सांस्कृतिक विविधता और आपसी एकता का संदेश दिया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लोकसभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में जनपद सदस्य श्रीमती अंबिका मुकेश राठिया, सरपंच छर्राटांगर श्रीमती सुखमती राठिया, श्री घनश्याम राठिया सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात राष्ट्रगान एवं विद्यार्थियों द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत एवं सम्मान किया गया। छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक सौंदर्य को दर्शाते राज्यगीत ‘अरपा पैरी के धार’ की प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। उत्सव के पहले दिन विद्यार्थियों ने जनजातीय वाद्ययंत्रों पर आधारित सामूहिक संगीत की मनमोहक प्रस्तुति दी। पारंपरिक वाद्ययंत्रों की मधुर धुनों ने जनजातीय संगीत की समृद्ध परंपरा को जीवंत कर दिया। वहीं नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी अभिनय प्रतिभा एवं रचनात्मकता का परिचय दिया। ऑर्केस्ट्रा की आकर्षक प्रस्तुति ने भी कार्यक्रम में संगीत और उत्साह का रंग भर दिया।उत्सव के आगामी दो दिनों में जूनियर एवं सीनियर वर्ग के विद्यार्थियों के लिए समूह नृत्य, एकल नृत्य, गायन, वाद्य संगीत, चित्रकला, वाद-विवाद, भाषण, प्रश्नोत्तरी, नाटक, रचनात्मक लेखन और पारंपरिक कहानी वाचन जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थी अपनी कलात्मक, साहित्यिक एवं बौद्धिक प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। साथ ही विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों को एक-दूसरे की कला, संस्कृति और परंपराओं को जानने का अवसर मिलेगा।

Exit mobile version