Site icon chattisgarhmint.com

युवती से छेड़खानी और फोटो स्टेटस में डालकर बदनाम करने वाले आरोपी को महिला थाना पुलिस ने किया गिरफ्तार

Spread the love

शिकायत मिलने पर महिला थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी भेजा गया न्यायिक रिमांड पर

28 नवंबर, रायगढ़ । युवती से छेड़खानी करने और उसकी फोटो मोबाइल स्टेटस पर डालकर बदनाम करने की शिकायत पर महिला थाना रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अजीत मालाकार (24 वर्ष), पिता नानू राम मालाकार, निवासी ग्राम सेमरा, पुसौर, वर्तमान पता चांदमारी, थाना सिटी कोतवाली, जिला रायगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवती (20 वर्ष) ने दिनांक 27.11.2026 को महिला थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि करीब दो वर्ष पूर्व से उसकी आरोपी अजीत मालाकार से जान-पहचान थी और दोनों आपस में बातचीत करते थे। इसकी जानकारी परिजनों को होने के बाद युवती ने आरोपी से दूरी बना ली थी, लेकिन इसके बावजूद आरोपी लगातार फोन कर उसे परेशान करता था। युवती ने बताया कि दिनांक 04.11.2026 को सुबह करीब 11 बजे आरोपी उसके घर पहुंचा और बातचीत नहीं करने पर बदनाम करने की धमकी देते हुए गलत नीयत से उसका हाथ एवं बांह पकड़कर छेड़खानी की। इतना ही नहीं, आरोपी ने उसकी फोटो अपने मोबाइल के स्टेटस पर डालकर उसे बदनाम करने का प्रयास भी किया।

   युवती की लिखित शिकायत पर महिला थाना रायगढ़ में अपराध क्रमांक 105/2026, धारा 78(1)(ii), 74 भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम रवाना की। पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

  उक्त कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक परमेश्वर गुप्ता, संदीप भगत, प्रमिला महंत एवं महिला थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश

     महिलाओं एवं युवतियों की सुरक्षा रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। महिलाओं से संबंधित अपराधों में शिकायत मिलते ही त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। महिला या युवती को परेशान करने, धमकाने अथवा उसकी निजता और सम्मान को ठेस पहुंचाने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Exit mobile version