Site icon chattisgarhmint.com

खनिज रेत के अवैध परिवहन में लिप्त 23 वाहन जप्त

Spread the love


खनिज के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर विभाग की लगातार कार्रवाई जारी

रायगढ़, 10 जनवरी 2026/ कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर जिले में खनिज विभाग द्वारा खनिज के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध लगातार सख्त कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में खनिज अमला द्वारा विगत 4 दिनों में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक अभियान चलाकर अवैध खनिज गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई की गई।
           अभियान के दौरान अवैध परिवहन में संलिप्त खनिज रेत के कुल 22 ट्रैक्टर एवं 1 हाईवा, इस प्रकार कुल 23 वाहन जप्त किए गए। जप्त वाहनों को कलेक्ट्रेट परिसर, थाना खरसिया, छाल, घरघोड़ा, जोबी चौकी एवं रैरूमाचौकी में सुरक्षार्थ रखा गया है। खनिजों के अवैध परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के नियम 71 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 एवं 23(क) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है। इस कार्यवाही में खनिज निरीक्षक श्री सोमेश्वर सिन्हा सहित जिला खनिज अमला सक्रिय रूप से शामिल रहा। खनिज अधिकारी ने बताया  कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण करने वालों के विरुद्ध आगे भी निरंतर और कठोर कार्यवाही जारी रहेगी।
स.क्र./66/गुलाब डड़सेना फोटो.. 3

आज और कल विशेष लर्निंग लाइसेंस शिविर का आयोजन
रायगढ़, 10 जनवरी 2026/ सड़क सुरक्षा माह के अवसर पर आम नागरिकों को परिवहन संबंधी सेवाएं सुलभ कराने के उद्देश्य से जिला परिवहन कार्यालय रायगढ़ द्वारा विशेष लर्निंग लाइसेंस शिविर का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार यह शिविर 10 और 11 जनवरी 2026 को एनटीपीसी लारा, जिला रायगढ़ में आयोजित किया जा रहा है। शिविर का आयोजन आज प्रातः 11 बजे से शुरू हो गया है। जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि शिविर में लर्निंग लाइसेंस बनवाने के इच्छुक आवेदकों को मौके पर ही आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने की सुविधा प्रदान की जाएगी, जिससे उन्हें जिला परिवहन कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। जिला परिवहन अधिकारी ने आम नागरिकों से आग्रह है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं।
            उल्लेखनीय है कि सड़क सुरक्षा माह के तहत जिले में प्रशासन एवं परिवहन विभाग द्वारा विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों के साथ-साथ सुविधा केंद्रित गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और सुरक्षित यातायात व्यवस्था को बढ़ावा मिल सके।

Exit mobile version