Site icon chattisgarhmint.com

बिरहोर परिवार की 3 महिलाओं को मिल रहा है महतारी वंदन का लाभ, घर के मुखिया को मिला पक्का आवास 

Spread the love

महिलाएं हुई आर्थिक रूप से सशक्त, घर चलाने में कर रही सहयोग
आयुष्मान कार्ड बनने से इलाज की चिंता भी हुई दूर
रायगढ़, 1 मार्च 2025/ धरमजयगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत जमरगा के रहने वाले विशेष पिछड़ी जनजाति बिरहोर परिवार के 3 महिलाओं को जहां महतारी वंदन योजना का लाभ मिल रहा है वहीं परिवार के मुखिया श्री सोनूराम बिरहोर को पीएम आवास के माध्यम से पक्का आवास मिला है। साथ ही घर के पूरे सदस्यों का आयुष्मान कार्ड बनने से इलाज की चिंता भी दूर हो चुकी है। इस तरह उनका पूरा परिवार शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हो रहा है।
            सोनूराम बिरहोर के परिवार में उनकी पत्नी श्रीमती कुंवारी बाई सहित दो बहु श्रीमती भजमति एवं रत्नी बाई को महतारी वंदन योजना का लाभ मिल रहा है। परिवार की 3 महिलाओं को प्रतिमाह एक-एक हजार रुपये मिलने से घर में कुल 3 हजार रुपये की राशि प्राप्त हो रही है। शासन की महतारी वंदन योजना का लाभ मिलने से महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त होने के साथ ही घर चलाने में सहयोग कर रही है। वहीं परिवार के मुखिया सोनूराम बिरहोर को पीएम जनमन योजना के तहत पक्का मकान बन जाने से परिवार को कई परेशानियों से एक साथ छुटकारा मिल गया है। अब उसे बारिश में छत से पानी टपकने या गीले दीवारों की चिंता दूर हुई। साथ ही सांप बिच्छुओं का भी डर नहीं रहा। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ मिलने से जिला प्रशासन सहित प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को धन्यवाद ज्ञापित किया।
          गौरतलब है कि प्रदेश में महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन तथा उनके स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सतत सुधार तथा परिवार में उनकी निर्णायक भूमिका सुदृढ़ करने हेतु, समाज में महिलाओं के प्रति भेदभाव, असमानता एवं जागरूकता की कमी को दूर करने, स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार करने तथा आर्थिक स्वावलंबन एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महतारी वंदन योजना लागू किया गया है। जिसके अंतर्गत राज्य की विवाहित, विधवा परित्यक्ता और तलाकशुदा जिनकी उम्र 21 वर्ष से अधिक हो ऐसी महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है। इसी प्रकार विशेष पिछड़ी जनजातियों को समाज की मुख्यधारा से जोडऩे और उन्हें सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पीएम जनमन का लाभ सुदूर अंचलों में निवासरत विशेष पिछड़ी जनजाति बाहुल्य वाले इलाकों तक पहुंच रहा है। प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में जिले में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों का स्वयं के पक्के मकान निर्माण का सपना साकार हो रहा है और उनके परिवारों के जीवन की दशा एवं दिशा बदल रही है।

Exit mobile version