केवाईसी-सुरक्षित बैंकिंग की ओर पहला कदम” थीम पर चला व्यापक जागरूकता अभियान
रायगढ़, 16 फरवरी 2026/ वित्तीय साक्षरता सप्ताह के अंतर्गत लीड बैंक कार्यालय द्वारा रायगढ़ में 9 फरवरी से 13 फरवरी तक व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस वर्ष की थीम ’’केवाईसी सुरक्षित बैंकिंग की ओर आपका पहला कदम” पर आधारित थी, जिसका मुख्य उद्देश्य सुरक्षित बैंकिंग इकोसिस्टम को मजबूत करना रहा।
इस दौरान जिले भर में कुल 15 वित्तीय साक्षरता शिविर एवं 1 जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। शिविरों में 637 लोगों ने भाग लिया, जबकि कोतरलिया गांव में आयोजित रैली में लगभग 150 ग्रामीण शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों को केवाईसी के महत्व, सुरक्षित बैंकिंग और धोखाधड़ी से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना था।
केवाईसी, सीकेवाईसी और खाता सुरक्षा पर दिया गया विशेष जोर
वित्तीय साक्षरता सप्ताह के अंतर्गत तीन प्रमुख उप-थीम पर विशेष फोकस किया गया। अपने ग्राहक को जानें केवाईसी-मूल बातें के तहत प्रतिभागियों को समय पर केवाईसी अपडेट रखने, सही एवं पूरी जानकारी देने तथा अधूरी या गलत जानकारी से होने वाले जोखिमों के बारे में बताया गया। इसी तरह सेंट्रल केवाईसी रजिस्ट्री (सी-केवाईसी) में विभिन्न वित्तीय संस्थानों में प्रक्रिया को सरल बनाने हेतु केंद्रीकृत केवाईसी रिकॉर्ड प्रणाली के लाभों पर प्रकाश डाला गया। साथ ही अकाउंट हाइजीन और अनुशासन के तहत धोखाधड़ी की रोकथाम, फर्जी कॉल, संदेश एवं संदिग्ध लिंक से सावधान रहने की सलाह दी गई। मनी म्यूल्स बनने से बचने के लिए भी लोगों को आगाह किया गया। अग्रणी बैंक प्रबंधक द्वारा विशेष रूप से सलाह दी गई कि अनजान व्यक्तियों द्वारा भेजे गए लिंक, फोटो या फाइल डाउनलोड न करें। लॉटरी या पुरस्कार के लालच एवं धमकी भरे संदेशों पर विश्वास न करने की अपील की गई।
कोतरलिया गांव में निकली जागरूकता रैली, ग्रामीणों ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा
13 फरवरी को कोतरलिया गांव में वित्तीय साक्षरता सप्ताह के समापन अवसर पर जागरूकता रैली आयोजित की गई। रैली का नेतृत्व अग्रणी बैंक प्रबंधक श्री कमल किशोर सिंह ने किया। इस अवसर पर प्रिंसिपल श्री चूड़ा मणि पटेल, स्थानीय गणमान्य नागरिकों, किसानों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, विद्यार्थियों और पहली बार बैंकिंग सेवाओं से जुड़ रहे ग्रामीणों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम में दो-स्तरीय प्रमाणीकरण, मजबूत पासवर्ड रखने, ओटीपी, बैंक डिटेल्स और आधार जानकारी किसी के साथ साझा न करने, मोबाइल एवं कंप्यूटर में एंटीवायरस अपडेट रखने तथा पब्लिक वाई-फाई से बचने की सलाह दी गई। साथ ही बताया गया कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करें और पुलिस को भी सूचना दें, ताकि ठगी की राशि को समय रहते फ्रीज कराया जा सके।
सप्ताह भर चले इस अभियान में बैंक शाखाओं, वित्तीय साक्षरता काउंसलर (एफएलसी), सीएफएलस एवं सीएसपी केंद्रों द्वारा ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। यह अभियान न केवल बैंकिंग जागरूकता बढ़ाने में सफल रहा, बल्कि सुरक्षित और जिम्मेदार वित्तीय व्यवहार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
वित्तीय साक्षरता सप्ताहः ग्रामीण अंचलों तक पहुंची सुरक्षित बैंकिंग की मुहिम
