• Thu. Mar 26th, 2026

chattisgarhmint.com

सच की बात है

कलेक्टर ने शहर के विकास कार्यों का किया औचक निरीक्षण

Bychattisgarhmint.com

Mar 25, 2026

नालंदा परिसर जून तक होगा तैयार, नए सत्र से मिलेगी सुविधा

रायगढ़ स्टेडियम में स्विमिंग पूल और सिंथेटिक ट्रैक का कार्य अंतिम चरण में

मरीन ड्राइव निर्माण में गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश

चक्रधर पुल के पास बनेगा नया डायवर्जन और बॉक्स कलवर्ट

पीडब्ल्यूडी की नई परियोजनाओं के लिए कलेक्टर ने चिन्हित किए स्थल

रायगढ़, 25 मार्च 2026/ नगर पालिक निगम रायगढ़ के अंतर्गत चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने मैदानी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि शहर के विकास से जुड़ी सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय से पहले पूर्ण करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
कलेक्टर ने सबसे पहले नालंदा परिसर के निर्माण कार्य का जायजा लिया। वर्तमान में इस परियोजना का 60 प्रतिशत कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण हो चुका है, जो पूरे राज्य में एक बेहतर प्रगति का उदाहरण है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी जून माह से पहले इस परिसर का लोकार्पण सुनिश्चित करें ताकि छात्र-छात्राओं को नए शैक्षणिक सत्र से इसका लाभ मिल सके।
खेल सुविधाओं को विस्तार देने की कड़ी में रायगढ़ स्टेडियम का भी अवलोकन किया गया। यहाँ निर्माणाधीन आधुनिक स्विमिंग पूल और सिंथेटिक ट्रैक को आगामी दो महीनों के भीतर पूरी तरह तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही मरीन ड्राइव के निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने एसईसीएल और नगर निगम के अधिकारियों को कार्यों में उच्च गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए पुराने और नए चक्रधर पुल के पास डायवर्जन बनाने की योजना पर चर्चा की गई। यहाँ पुल के नीचे बॉक्स कलवर्ट का निर्माण किया जाएगा, जिससे जल निकासी और आवागमन में सुगमता आएगी। निरीक्षण के अंतिम चरण में कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग द्वारा भविष्य में बनाए जाने वाले वुमेन्स हॉस्टल और ट्रांजिट हॉस्टल के लिए प्रस्तावित स्थलों का भी सूक्ष्म निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। इस अवसर पर आयुक्त नगर निगम श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *