श्रमिकों को मिली स्वास्थ्य जांच और परामर्श की सुविधा
रायगढ़, 5 नवम्बर 2026/ रेलवे मालगोदाम में कार्यरत श्रमिकों के स्वास्थ्य की देखभाल और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुरुवार को रायगढ़ के सिंधी भवन, पक्की खोली में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं विभिन्न जांचों की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
भारतीय रेलवे मालगोदाम श्रमिक संघ की छत्तीसगढ़ प्रदेश इकाई के नेतृत्व में आयोजित इस पहल का उद्देश्य मालगोदामों में काम करने वाले श्रमिकों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना तथा उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के निर्देशानुसार और रेलवे प्रशासन के सहयोग से रायगढ़ एवं बाराद्वार मालगोदाम में कार्यरत श्रमिकों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शिविर में श्रमिकों के रक्तचाप (बीपी), मधुमेह (शुगर), टीबी एवं कुष्ठ रोग की जांच की गई। इसके साथ ही नेत्र परीक्षण तथा आयुष्मान कार्ड से संबंधित सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों एवं कर्मचारियों ने श्रमिकों की जांच कर उन्हें स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों और आवश्यक उपचार के बारे में जानकारी दी।

