• Fri. Nov 6th, 2026

    chattisgarhmint.com

    सच की बात है

    आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को गुणवत्तायुक्त पौष्टिक भोजन सुनिश्चित करें-कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी

    Bychattisgarhmint.com

    Oct 9, 2025
    Spread the love


    महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश
    रायगढ़, 9 अक्टूबर 2025/ जिले में बच्चों, गर्भवती एवं शिशुवती महिलाओं के पोषण स्तर को बेहतर बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने आज जिला कलेक्टोरेट सभाकक्ष में महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक में कलेक्टर ने विभागीय कार्यों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। उन्होंने जिले के प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पौष्टिक, ताजा एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुपोषण की समस्या को जड़ से समाप्त करने में आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका महत्वपूर्ण है। प्रत्येक केंद्रों में बच्चों के वजन, ऊंचाई, टीकाकरण और पोषण स्तर की नियमित निगरानी की जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। 
    बैठक के दौरान कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने ‘पोषण ट्रैकर ऐप’ के प्रभावी उपयोग के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस ऐप के माध्यम से बच्चों में बौनेपन, कमजोरी और कम वजन की निगरानी की जाती है। पोषण सेवा वितरण प्रणाली को पारदर्शी, सटीक और वास्तविक समय पर निगरानी करने योग्य बनाता है। उन्होंने सभी सीडीपीओ और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रतिदिन ऐप में डेटा एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिससे बच्चों, गर्भवती एवं स्तनपान कराने वाली माताओं के पोषण संकेतकों की सटीक जानकारी समय-समय पर प्राप्त हो सके। कलेक्टर ने कहा कि शासन का उद्देश्य है कि “हर बालक स्वस्थ, सुरक्षित और पोषण संपन्न वातावरण में विकसित हो।” उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आंगनबाड़ी केंद्रों में उपलब्ध भोजन की गुणवत्ता की नियमित जांच की जाए, ताकि बच्चों को वास्तविक रूप से पौष्टिक आहार प्राप्त हो सके।    
    बैठक में विभागीय योजनाओं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, सुपोषण अभियान, एकीकृत बाल विकास सेवा की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने प्रत्येक अधिकारी को अपने क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने  केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति, आधार कार्ड निर्माण एवं मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का विस्तृत जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे, महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री एल.आर.कच्छप, सभी सीडीपीओ तथा विभाग के अन्य संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।

    2 thoughts on “आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को गुणवत्तायुक्त पौष्टिक भोजन सुनिश्चित करें-कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी”

    Comments are closed.