• Sat. Feb 14th, 2026

chattisgarhmint.com

सच की बात है

नगर निगम रायगढ़ के विकास कार्यों का कलेक्टर ने किया सघन निरीक्षण

Bychattisgarhmint.com

Feb 13, 2026


निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश
स्विमिंग पूल, सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक, पंचतत्व उद्यान और नाला निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण
राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं को ध्यान में रखकर हो रहा स्टेडियम में खेल सुविधाओं का निर्माण
रायगढ़, 13 फरवरी 2026/ रायगढ़ नगर निगम क्षेत्र में संचालित विभिन्न निर्माण एवं अधोसंरचना विकास कार्यों का आज कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने स्थल पर पहुंचकर सघन निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थेे।
कलेक्टर ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार जिले में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। कलेक्टर ने जिला कलेक्ट्रेट के सामने निर्माणाधीन पंचतत्व उद्यान का निरीक्षण किया। यह उद्यान पृथ्वी, जल, वायु, अग्नि और आकाश की अवधारणा पर विकसित किया जा रहा है। यहां विशेष एक्यूप्रेशर पथ का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें नदी के कंकड़, खुरदरी रेत, पेड़ की छाल, काली मिट्टी और जल का उपयोग किया जाएगा। यह पथ स्वास्थ्य संवर्धन और रक्त संचार में सुधार के उद्देश्य से तैयार किया जा रहा है।
इसके बाद कलेक्टर ने चक्रपथ स्थित तालतयो निधि उद्यान का निरीक्षण किया। उद्यान का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। उन्होंने उद्यान परिसर एवं आसपास के क्षेत्र को भी सुव्यवस्थित एवं आकर्षक बनाने के निर्देश दिए। साथ ही चक्रपथ किनारे संचालित दुकानों को व्यवस्थित एवं सुंदर स्वरूप प्रदान करने पर जोर दिया। कलेक्टर ने रायगढ़ स्टेडियम में राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप निर्माणाधीन 50×25 मीटर के स्विमिंग पूल का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ इसे पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने 400 मीटर के सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक के निर्माण कार्य का अवलोकन किया और कहा कि ट्रैक का निर्माण दीर्घकालिक उपयोग और उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप हो।
निरीक्षण के क्रम में कलेक्टर ने केवड़ाबाड़ी चौक से ढ़िमरापुर चौक के मध्य निर्माणाधीन नाला कार्य का अवलोकन किया तथा लागत और प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान हो सके। सतीगुड़ी चौक स्थित भरतकूप के जीर्णोद्धार कार्य की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने कुएं के चारों ओर सुरक्षा जाली लगाने और स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही चौक के सौंदर्यीकरण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। कलेक्टर ने समग्र रूप से सभी विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि नगर निगम क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *