Site icon chattisgarhmint.com

चोरी की दो मोटरसाइकिल के साथ आरोपी गिरफ्तार जूटमिल पुलिस की कार्रवाई

Spread the love

ट्रांसपोर्ट नगर चौक में बाइक बेचने की फिराक में था आरोपी, घेराबंदी कर पकड़ा गया

दो अलग–अलग स्थानों से चोरी की वारदात कबूल, डेढ़ लाख की बाइक जब्त

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश — बाइक चोरी में पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है, पुलिस के रडार में और भी कई संदिग्ध है

9 अप्रैल, रायगढ़ । जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जूटमिल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है, जहां चोरी की दो मोटरसाइकिल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन एवं एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन पर सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को मुखबिर तंत्र सक्रिय कर संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में आज जूटमिल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ट्रांसपोर्ट नगर चौक के पास एक संदिग्ध व्यक्ति दो मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी द्वारा तत्काल पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया।

पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदेही को पकड़ा, जिसने पूछताछ में अपना नाम बलदेव दास महंत उर्फ नानु (24 वर्ष), निवासी केवाली थाना जोबी जिला रायगढ़ बताया। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपने पास रखी दोनों मोटरसाइकिल को चोरी का होना स्वीकार किया। आरोपी ने खुलासा किया कि उसने 03 अप्रैल 2026 की रात पुराना बस स्टैंड मटन मार्केट से पल्सर मोटरसाइकिल (CG 13 AN 1235) तथा 05 अप्रैल 2026 को कोडातराई में आयोजित भागवत पंडाल के पास से हीरो पैशन प्रो (CG 13 W 9291) चोरी की थी। उक्त पैशन प्रो बाइक की चोरी के संबंध में थाना जूटमिल में अपराध क्रमांक 116/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत पहले से मामला दर्ज है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दोनों मोटरसाइकिल (कुल कीमत लगभग 1.50 लाख रुपये) जब्त कर उसे वाहन चोरी के अपराध में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनवकांत सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई प्रधान आरक्षक लोमस सिंह राजपूत, अनूप कुजूर, आरक्षक नरेश रजक, संजय एक्का, तरुण महिलाने, सुशील यादव, सनी मालाकार शामिल थे ।

🚨 एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश — *“संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। चोरी, लूट जैसे अपराध करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”*

Exit mobile version