Site icon chattisgarhmint.com

खरसिया के 50 टीबी मरीजों को वितरित किया गया अतिरिक्त पोषण आहार

Spread the love

रायगढ़, 28 सितम्बर 2025/ कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.अनिल कुमार जगत के मार्गदर्शन में खरसिया विकासखंड के 50 टीबी मरीजों को अदानी फाउंडेशन, बड़े भंडार रायगढ़ द्वारा निक्षय मित्र बनते हुए गोद लिया गया। इस अवसर पर मरीजों को अतिरिक्त पोषण आहार किट का वितरण किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन सिविल अस्पताल खरसिया में किया गया। जहां उपस्थित मरीजों को चिकित्सा अधिकारी डॉ.दिलेश्वर पटेल द्वारा टीबी की नियमित दवा सेवन के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि टीबी की सफल इलाज की कुंजी है, समय पर दवा लेना और पोषणयुक्त आहार का सेवन करना। साथ ही उन्होंने मरीजों से आग्रह किया कि वे अपने आस-पास के लोगों को भी टीबी के लक्षणों और उपचार के प्रति जागरूक करें तथा आवश्यक होने पर आधुनिक जांच सुविधाओं का लाभ उठाएं। इस सेवा कार्य में अदानी फाउंडेशन की कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व इकाई की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में श्री पी.कुमार, श्री विवेक कुमार पांडे, निधि सेन, श्रीमती प्रमिला साहू और स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे। श्री पी.कुमार ने बताया कि अदानी फाउंडेशन समाज के कमजोर वर्गों, विशेषकर स्वास्थ्य के क्षेत्र में लगातार सकारात्मक योगदान दे रहा है। निक्षय मित्र बनकर टीबी मरीजों को गोद लेने की यह पहल, मरीजों के इलाज और पुन: स्वस्थ जीवन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम के दौरान मरीजों ने भी अपने अनुभव साझा किए और अतिरिक्त पोषण सहायता के लिए आभार व्यक्त किया।

Exit mobile version