Site icon chattisgarhmint.com

पुसलदा में पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने प्रशासन सक्रिय, बंद योजनाएं जल्द होंगी शुरू

11 हैंडपंप और 4 बोर से मिल रहा पानी, लो वोल्टेज और चोरी से प्रभावित हुई जलापूर्ति

रायगढ़, 16 मई 2026/ धरमजयगढ़ विकासखंड के ग्राम पुसलदा में उपलब्ध 13 हैंडपंपों में से 11 हैंडपंप वर्तमान में संचालित हैं। वहीं स्थापित 6 बोर में से 4 बोर चालू स्थिति में हैं, जिससे ग्रामीणों को पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने जानकारी देते हुए बताया कि क्रेडा विभाग के अंतर्गत स्थापित 2 सोलर आधारित पेयजल व्यवस्था फिलहाल बंद है। इसके अलावा जल जीवन मिशन के तहत टंकी के माध्यम से ग्राम में नियमित पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था की गई थी। इस योजना का हस्तांतरण 27 मई 2025 को ग्राम पंचायत को किया गया था, जिसके बाद इसका संचालन पंचायत स्तर पर किया जा रहा था। प्रशासनिक जानकारी के मुताबिक बोर का पंप चोरी हो जाने के कारण पंचायत द्वारा योजना का संचालन अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। साथ ही क्षेत्र में लो वोल्टेज की समस्या के कारण भी बोर संचालन में तकनीकी बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए संबंधित ठेकेदार और ग्राम पंचायत सरपंच को तत्काल आवश्यक सुधार कार्य कर पेयजल योजना को पुनः प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने कहा है कि ग्रामीणों को नियमित और सुचारू पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन द्वारा पूरे मामले की लगातार निगरानी की जा रही है और जल्द से जल्द सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Exit mobile version