Site icon chattisgarhmint.com

जिले में स्वास्थ्य विभाग के रिक्त पदों पर नियुक्ति आदेश जारी

प्रतीक्षा सूची से चयनित अभ्यर्थियों को मिली नियुक्ति

रायगढ़, 20 मई 2026/ स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत जिला रायगढ़ में तृतीय श्रेणी के रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया पूर्ण करते हुए चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रदान की गई है। विभागीय चयन समिति की अनुशंसा एवं शासन से प्राप्त स्वीकृति के आधार पर प्रतीक्षा सूची से चयनित अभ्यर्थियों को ड्रेसर ग्रेड-01, फार्मासिस्ट ग्रेड-02 तथा ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक (पुरुष) पदों पर नियुक्त किया गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय रायगढ़ द्वारा फार्मासिस्ट ग्रेड-02, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक (पुरुष) एवं ड्रेसर ग्रेड-01 के पदों पर भर्ती प्रक्रिया संचालित की गई थी। भूतपूर्व सैनिक वर्ग के पात्र अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होने के कारण शासन द्वारा प्रतीक्षा सूची से उसी वर्ग के सामान्य अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की सहमति प्रदान की गई। इसके पश्चात मेरिट सूची के आधार पर चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति की गई है।

ड्रेसर ग्रेड-01 पद पर तीन अभ्यर्थियों की नियुक्ति
ड्रेसर ग्रेड-01 के रिक्त पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को छत्तीसगढ़ वेतन पुनरीक्षण नियम-2017 के अंतर्गत वेतन मैट्रिक्स लेवल-04, वेतनमान 19 हजार 500 रुपए से 62 हजार रुपए प्रदान किया जाएगा। इस पद पर श्री निर्मल कुमार को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मिडमिड़ा, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पुसौर, श्री शशिकांत यादव को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बंगुरसिया, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लोईंग तथा श्री दयालु राम चन्द्रवंशी को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र घरघोड़ा में पदस्थ किया गया है।

फार्मासिस्ट ग्रेड-02 पद पर नियुक्ति
फार्मासिस्ट ग्रेड-02 के रिक्त पद पर चयनित अभ्यर्थी श्री राजु कुमार खाण्डे को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पुसौर में पदस्थ किया गया है। उन्हें छत्तीसगढ़ वेतन पुनरीक्षण नियम-2017 के तहत वेतन मैट्रिक्स लेवल-06, वेतनमान 25 हजार 300 रुपए से 80 हजार 500 रुपए प्रदान किया जाएगा।

ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक (पुरुष) पद पर भी नियुक्ति
ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक (पुरुष) के रिक्त पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को वेतन मैट्रिक्स लेवल-05, वेतनमान 22 हजार 400 रुपए से 71 हजार 200 रुपए के अंतर्गत नियुक्ति दी गई है। इस पद पर श्री देवेन्द्र कुमार को उप स्वास्थ्य केन्द्र तिऊर, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र चपले तथा श्री दुष्यंत कुमार को उप स्वास्थ्य केन्द्र छिछोरउमरिया, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पुसौर में पदस्थ किया गया है। सभी चयनित अभ्यर्थियों को शासन द्वारा स्वीकृत अन्य भत्तों सहित तीन वर्ष की परिवीक्षा अवधि पर नियुक्ति प्रदान की गई है। नियुक्त अभ्यर्थियों की पदस्थापना आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से संबंधित स्वास्थ्य संस्थाओं में की गई है। जिले के स्वास्थ्य संस्थानों में रिक्त पदों पर नियुक्ति होने से स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी तथा ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।

Exit mobile version