Site icon chattisgarhmint.com

वीर शहीदों की स्मृति में तथा सेवारत और भूतपूर्व सैनिकों के सम्मान में मनाया गया सशस्त्र सेना झंडा दिवस

Spread the love

अमर शहीदों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया नमन

रायगढ़ के हॉनरी सूबेदार मेजर सुखू राम बारबा को उत्कृष्ट सेवा के लिए किया गया सम्मानित

रायगढ़, 7 दिसम्बर 2025/ मातृभूमि की सुरक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों की स्मृति में तथा सेवारत और भूतपूर्व सैनिकों के सम्मान में आज जिले में सशस्त्र सेना झंडा दिवस गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कलेक्टोरेट परिसर स्थित सृजन सभा कक्ष में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता एडीएम श्री अपूर्व टोप्पो ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ के अमर शहीदों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। एडीएम श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो ने सैनिकों के अद्वितीय योगदान और उनके महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सेना परिवार से जुड़ाव गर्व का विषय है। उन्होंने सैनिकों के सर्वांगीण सहयोग का आश्वासन देते हुए नागरिकों से उनका सम्मान बनाए रखने का आग्रह किया।
एनसीसी कमांडिंग ऑफिसर कर्नल प्रवीण तेवतिया ने सैनिकों के बलिदान को याद करते हुए समाज के सभी वर्गों से उनके प्रति सम्मान और सहयोग की भावना बनाए रखने की अपील की। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कमांडर हरीशचंद्र तिवारी ने झंडा दिवस का इतिहास और महत्व विस्तार से बताया। उन्होंने लोगों से उदारतापूर्वक दान कर सैनिकों के योगदान को सम्मानित करने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर रायगढ़ के हॉनरी सूबेदार मेजर सुखू राम बारबा (विशिष्ट सेवा पदक) को उनकी उत्कृष्ट सेवा के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के पश्चात जिला सैनिक कल्याण अधिकारी, भूतपूर्व सैनिकों और एनसीसी कैडेट्स के साथ गांधी चौक में जनसहभागिता अभियान आयोजित किया गया। इसमें नागरिकों को झंडा दिवस अभियान में भाग लेकर सहयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
गौरतलब है कि सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर टोकन झंडा वितरण द्वारा एकत्रित दान राशि वीर शहीदों, भूतपूर्व और सेवा निवृत्त सैनिकों के कल्याण हेतु विभिन्न योजनाओं में उपयोग की जाती है। जिले के सभी शासकीय कार्यालय, उद्योग-धंधे, विद्यालय, महाविद्यालय और निजी संस्थान झंडा वितरण कर सहयोग के लिए आमंत्रित किए गए हैं। कार्यक्रम में एनसीसी कमांडिंग ऑफिसर कर्नल प्रवीण तेवतिया, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कमांडर हरीशचंद्र तिवारी, मुख्य महाप्रबंधक उद्योग श्रीमती अंजू नायक, उपायुक्त नगर निगम, जिला कोषालय अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी रायगढ़, भूतपूर्व सैनिक और एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे।

Exit mobile version