Site icon chattisgarhmint.com

चेकिंग के दौरान भूपदेवपुर पुलिस ने पकड़ा मोटरसाइकिल चोर

Spread the love

पैसन प्लस मोटरसाइकिल बरामद

आरोपी जेल भेजा गया

रायगढ़ 25 अगस्त। पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल के दिशा-निर्देशन में विजुअल पुलिसिंग के तहत प्रतिदिन जिले के सभी थानाक्षेत्रों में हाइवे एवं शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है । इस दौरान जहां शराब सेवन कर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की जा रही है, वहीं वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन की समझाइश भी दी जा रही है। इसी कड़ी में भूपदेवपुर थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान पुलिस के हाथ एक मोटरसाइकिल चोर चढ़ गया। उसके पास से चोरी की हीरो होंडा पैशन प्लस क्रमांक CG-13 H-8599 बरामद की गई, जो ग्राम जैमुड़ा निवासी डोलनारायण पटेल की थी। डोलनारायण ने 23 अगस्त 2025 को बाइक चोरी हाने पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 108/2025 धारा 303(2) बीएनएस पंजीबद्ध किया गया था। जानकारी के अनुसार भूपदेवपुर पुलिस थाना के सामने नाकाबंदी कर वाहन चेकिंग कर रही थी, तभी बिना नंबर प्लेट की एक सिल्वर-नीली मोटरसाइकिल पुलिस को दिखाई दी। वाहन रोककर पूछताछ करने पर चालक ने वाहन खरीदी-बिक्री का कोई सबूत नहीं दिया और अपना नाम पुरन लाल चौहान निवासी लेबड़ा बताया। उसके आपराधिक रिकार्ड के आधार पर शक गहराया और सख्ती से पूछताछ करने पर उसने ग्राम जैमुड़ा से उक्त मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी पुरन लाल चौहान पिता स्व. हुलस राम चौहान उम्र 29 वर्ष साकिन लेबड़ा थाना भूपदेवपुर जिला रायगढ़ को गिरफ्तार कर चोरी की मोटरसाइकिल जप्त की गई। आरोपी को वाहन चोरी के अपराध में न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी भूपदेवपुर उप निरीक्षक संजय नाग, प्रधान आरक्षक प्रदीप गहलोत, संजय भूषण तिर्की, आरक्षक प्रदीप तिवारी, कोमल तिवारी और बोधराम सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Exit mobile version