सुरक्षा से लेकर मूलभूत सुविधाओं तक, हर व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर
रायगढ़, 23 अप्रैल 2026/ कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी की अध्यक्षता में आगामी 3 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) 2026 के सफल, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टोरेट कार्यालय के सभा कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले के सभी संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए और परीक्षा व्यवस्था के हर पहलू पर गहन चर्चा की गई।
कलेक्टर ने कहा कि परीक्षा के आयोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या समन्वय की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूर्ण करने के साथ-साथ कंट्रोल रूम, हेल्पडेस्क और आपातकालीन व्यवस्थाओं को भी सक्रिय रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी अप्रत्याशित स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। बैठक में परीक्षा केंद्रों की तैयारी, केंद्रों में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता, अभ्यर्थियों के सुगम आवागमन, ट्रैफिक मैनेजमेंट, पार्किंग व्यवस्था, पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती और संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी जैसे विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छ शौचालय, बैठने की उचित व्यवस्था और स्वास्थ्य सुविधाओं को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने कहा कि परीक्षा के दिन अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने विशेष रूप से यह सुनिश्चित करने को कहा कि परीक्षा केंद्रों के आसपास कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रहे और परीक्षा की गोपनीयता तथा निष्पक्षता बनी रहे। बैठक में पुलिस प्रशासन की ओर से डीएसपी उन्नति सिंह ठाकुर, जिला समन्वयक श्री पवन अग्रवाल, जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. के.वी. राव, डीसीओ श्री प्रकाश कुमार, विद्युत विभाग के अधिकारी तथा जिले के सभी सात परीक्षा केंद्रों के केंद्राध्यक्ष उपस्थित रहे।
नीट परीक्षा की तैयारी को लेकर कलेक्टर ने ली बैठक

