Site icon chattisgarhmint.com

कमिश्नर श्री क्षत्रिय ने जनगणना ट्रेनिंग कर रहे 400 से ज्यादा कर्मचारियों को कराया डिजिटल स्वगणना


स्वयं आनलाइन किया स्वगणना, नागरिकों को दिया डिजिटल भागीदारी का संदेश
16 से 30 अप्रैल तक होगा स्वगणना, 1 मई से होगा घरघर सत्यापन

रायगढ़। भारत की जनगणना 2027 के अंतर्गत स्व-गणना की प्रक्रिया को गति देने के उद्देश्य से नगर निगम आयुक्त सह प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय ने स्वयं पहल करते हुए अपने चेंबर में मोबाइल के माध्यम से अपने परिवार की स्व-गणना पूरी की। इसके बाद वे सेंट जेवियर्स स्कूल पहुंचकर वहां जनगणना कार्य की ट्रेनिंग कर रहे 400 से ज्यादा कर्मचारियों को आनलाइन स्वगणना कराया। इस कदम के जरिए से उन्होंने शहर के प्रत्येक नागरिकों से डिजिटल माध्यम से इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने बताया कि स्व-गणना की यह व्यवस्था नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई है, जिससे लोग घर बैठे ही आसानी से अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल होने के कारण पारदर्शिता, गति और सटीकता सुनिश्चित होती है।
उन्होंने जानकारी दी कि 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक नागरिक आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से मोबाइल, कंप्यूटर या लैपटॉप से स्व-गणना फॉर्म भर सकते हैं। पोर्टल पर पूछे गए सभी प्रश्न सरल और सहज भाषा में उपलब्ध हैं, जिससे आम नागरिकों को किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होगी। इसमें ज्यादातर प्रश्नों के उत्तर में टिक लगाना होगा।
स्व-गणना प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद प्रत्येक नागरिक को एक यूनिक स्व-गणना आईडी प्राप्त होगी, जो आगामी सत्यापन प्रक्रिया में उपयोगी होगी।
आयुक्त श्री क्षत्रिय ने आगे बताया कि स्व-गणना चरण के पश्चात 1 मई से 31 मई तक जनगणना कार्य में लगे कर्मचारी घर-घर जाकर दर्ज की गई जानकारी का सत्यापन करेंगे, जिससे जनगणना कार्य को अंतिम रूप दिया जाएगा। इस दौरान उपायुक्त सह नगर जनगणना अधिकारी श्री सुतीक्षण यादव, मास्टर ट्रेनर श्री राजेश डेनियल, श्री राकेश दुबे, श्री सुशील कुमार, श्री नरेंद्र पर्वत आदि मास्टर ट्रेनर एवं अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
सक्रिय भागीदारी करें सुनिश्चित
ऑनलाइन डिजिटल स्वगणना https://se.census.gov.in पोर्टल लिंक पर सुबह 6:00 बजे से रात 12:00 तक ऑनलाइन स्वगणना भरा जा सकता है। पूरे प्रक्रिया के बाद इसे फाइनल सबमिट करना होगा। इसके बाद जिनका आनलाइन धर्म भरा गया है उनका एक विशेष रेफरेंस आईडी दी जाती है, जिसको सुरक्षित रखना होगा एवं डोर टू डोर सर्वे के दौरान पहुंचे कर्मचारियों को इसे दिखाना होगा। निगम आयुक्त श्री क्षत्रिय द्वारा सभी नागरिकों से इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और डिजिटल स्व-गणना प्रक्रिया को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करने की अपील की गई है।

Exit mobile version