Site icon chattisgarhmint.com

घरघोड़ा में जिला पंचायत सीईओ ने की योजनाओं की गहन समीक्षा

Spread the love

लक्ष्य प्राप्ति के लिए रणनीति और फील्ड मॉनिटरिंग पर विशेष जोर

रायगढ़, 5 दिसम्बर 2025/ जनपद पंचायत घरघोड़ा के सभाकक्ष में जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे की अध्यक्षता में शासन की विभिन्न जन कल्याणकारी एवं महत्वाकांक्षी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) सहित सभी प्रमुख विभागों के शाखा प्रभारियों एवं पंचायत सचिवों ने भाग लिया। सीईओ श्री पठारे ने प्रत्येक योजना की वर्तमान प्रगति का बिंदुवार मूल्यांकन करते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी कार्य सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए तथा किसी भी स्तर पर कार्य की गुणवत्ता से समझौता न किया जाए।

फील्ड मॉनिटरिंग पर होगा फोकस
जिला पंचायत सीईओ श्री पठारे ने कहा कि लक्ष्यों के अनुरूप बेहतर परिणाम तभी संभव हैं, जब फील्ड स्तर पर सतत मॉनिटरिंग और निरीक्षण सुनिश्चित हो। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि मैदानी भ्रमण बढ़ाएं, योजनाओं की वास्तविक प्रगति का आंकलन करें और उत्पन्न समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। बैठक में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, व्यक्तिगत शौचालय निर्माण, ग्राम स्वच्छता गतिविधियों तथा जन-जागरूकता अभियानों की प्रगति का भी विस्तृत आकलन किया गया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में स्वच्छता गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं।

लक्ष्य प्राप्ति के लिए रणनीति बनाने के निर्देश
सभी शाखा प्रभारियों एवं सचिवों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने विभागीय लक्ष्यों के अनुरूप कार्ययोजना तैयार करें, बाधाओं की पहचान कर उन्हें दूर करने के उपाय प्रस्तावित करें और निर्धारित समय में अपेक्षित उपलब्धियां सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के सफल संचालन के लिए योजनाबद्ध रणनीति और टीम भावना अत्यंत आवश्यक है। जिला पंचायत सीईओ श्री पठारे ने कहा कि प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाएं तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने सभी उपस्थित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण कार्य के साथ बेहतर प्रदर्शन करने हेतु प्रेरित किया। बैठक में जनपद स्तर के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Exit mobile version