Site icon chattisgarhmint.com

प्रयास आवासीय विद्यालय की स्थापना, 96 विद्यार्थियों को मिला प्रवेश5 सितम्बर शिक्षक दिवस के अवसर पर कक्षाएं होगी शुरू 

Spread the love

रायगढ़, 31 अगस्त 2024/ रायगढ़ जिले में प्रयास आवासीय विद्यालय की स्थापना की गई है, जो रायगढ़ के गढ़उमरिया स्थित लाइवलीहुड कॉलेज के भवन में संचालित होगा। राज्य स्तर पर की गई काउंसलिंग के बाद 96 विद्यार्थियों को प्रवेश दिया गया है। विद्यालय में नियमित कक्षाएं आगामी 5 सितंबर शिक्षक दिवस के अवसर पर आरंभ होंगी। कलेक्टर श्री कार्तिकेया गोयल के निर्देशन में विद्यालय संचालन हेतु समस्त आवश्यक एवं मूलभूत तैयारियां कर ली गई है। 
आदिवासी विकास रायगढ़ के सहायक आयुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में उच्च स्तरीय गुणवत्ता तथा उत्कृष्टता का प्रतीक माने जाने वाले प्रयास आवासीय विद्यालय की स्थापना शिक्षा सत्र 2024-25 अंतर्गत रायगढ़ जिले में की गई है। यह विद्यालय गढ़उमरिया स्थित लाइवलीहुड कॉलेज के भवन में संचालित होने जा रहा है। विद्यालय में प्रवेश हेतु राज्य स्तर पर की गई विद्यार्थियों की काउंसलिंग पश्चात कुल 96 विद्यार्थियों में 49 बालक एवं 47 बालिकाओं को प्रवेश रायगढ़ स्थित प्रयास विद्यालय में दिया गया है। उक्त चयनित विद्यार्थियों की नियमित कक्षाएं अगामी 05 सितम्बर 2024 से आरंभ होगी।  विद्यालय में प्रशासक की नियुक्ति, शैक्षणिक तथा कार्यालयीन स्टाफ  की व्यवस्था, छात्रावास हेतु छात्रावास अधीक्षक की नियुक्ति, फर्नीचर, भोजन सामाग्री, इत्यादि समस्त व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई है। कलेक्टर श्री गोयल ने प्रयास विद्यालय में प्रवेशित विद्यार्थियों को उनके चयन पर बधाई देते हुए शीघ्र ही प्रयास विद्यालय में अपनी उपस्थिति दर्ज करने को कहा है।

Exit mobile version