Site icon chattisgarhmint.com

ग्रामीण अंचलों के विकास को लेकर प्रतिबद्धता से कर रहे कार्य-वित्त मंत्री श्री ओ.पी.चौधरी

Spread the love


वित्त मंत्री श्री चौधरी ने पुसौर विकासखण्ड में विभिन्न विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन

रायगढ़, 11 दिसम्बर 2025/ प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी.चौधरी ने आज पुसौर विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम-गुड़गहन, दर्रामुड़ा, झलमला एवं बड़े हल्दी में 2 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने आमजन से संवाद भी किया और उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली।
            इस अवसर पर वित्त मंत्री श्री चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में हमारी सरकार गांव, गरीब, किसानों सहित सभी वर्गों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। ग्रामीण अंचलों में जनसुविधाओं के विस्तार हेतु लगातार कार्य किया जा रहा है। अधोसंरचना विकास के कार्य तेजी से आगे बढ़ाएं जा रहे है। उन्होंने कहा कि सरकार गठन के उपरांत 18 लाख आवास निर्माण को स्वीकृति दी गई। इन आवासों का निर्माण पूरी तेजी से करवाया जा रहा है। पीएम आवास योजना से गरीबों के पक्के मकान का सपना पूरा हो रहा है। सिर्फ ग्राम-गुड़गहन में ही 1 करोड़ 52 लाख रुपए की राशि आवास के लिए स्वीकृत की गई है। 
          वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत एक-एक हजार रूपये की राशि महिलाओं के खाते में भेजी जा रही है। जिससे महिलाएं न केवल आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं, बल्कि अपने घर-परिवार में भी निर्णय लेने में बराबरी का हक महसूस कर रही हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को आर्थिक मजबूती प्रदान करने के लिए कृषक उन्नति योजना के माध्यम से दो साल का बोनस दिया गया। इसी तरह किसानों से 31 सौ रुपए प्रति क्ंिवटल के मान से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदा जा रहा है। रामलला दर्शन योजना के माध्यम से बुजुर्गाे को अयोध्या धाम के दर्शन कराए जा रहे है। वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि रायगढ़ में निर्माणाधीन नालंदा परिसर प्रदेश का सबसे बड़ा ज्ञान केंद्र होगा, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। वित्त मंत्री श्री चौधरी ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि सभी निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ किए जाए। इसमें समय-सीमा का भी विशेष ध्यान रखें। हमारा उद्देश्य लोगों को जनोपयोगी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी अपने दायित्वों का कुशलता पूर्वक निर्वहन करें।
         इस अवसर पर पूर्व विधायक श्री विजय अग्रवाल, श्री उमेश अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य बृजेश गुप्ता, जनपद अध्यक्ष पुसौर श्रीमती हेमलता चौहान, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती भाग्यवती नायक, सीईओ जिला पंचायत श्री अभिजीत बबन पठारे, एसडीएम रायगढ़ श्री महेश शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

इन कार्यों का किया हुआ लोकार्पण एवं भूमिपूजन
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने 6.5 लाख रुपये की लागत से निर्मित यात्री प्रतीक्षालय का लोकार्पण किया। इसके बाद गुड़गहन में 1.20 किमी लंबे पहुंच मार्ग एवं नाली निर्माण कार्य का 181.09 लाख रुपये की लागत से भूमिपूजन किया। ग्रामीणों की सुविधा के लिए उन्होंने 10 लाख रुपये लागत के शेड निर्माण की घोषणा भी की। गुड़गहन एवं दर्रामुड़ा में सरस्वती स्व-सहायता समूह डूमरमुड़ा द्वारा संचालित रेडी-टू-ईट निर्माण इकाई का शुभारंभ किया गया। इकाई में 10 महिलाएं कार्यरत हैं, जो पुसौर ब्लॉक की 231 आंगनबाड़ी केंद्रों में रेडी-टू-ईट सामग्री की आपूर्ति करेंगी। समूह को छत्तीसगढ़ महिला कोष से 6 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ है, जबकि यूनिट स्थापना हेतु एसबीआई से अतिरिक्त ऋण लिया गया है। इस पहल से स्थानीय महिलाओं को नियमित आय के अवसर मिलेंगे। झलमला में उन्होंने 20 लाख रुपये की लागत से विधायक मद योजना के तहत बनाए गए सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। झलमला में आयोजित विकास कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री चौधरी ने गांव की आवश्यकताओं को देखते हुए 10 लाख रुपये के कार्यों की घोषणा की। इससे ग्राम पंचायत क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को और सुदृढ़ किया जाएगा। वित्त मंत्री श्री चौधरी ने 30 लाख रुपए की लागत से ग्राम-बड़े हल्दी में महतारी सदन निर्माण के लिए भूमिपूजन किया। झलमला में स्थानीय फूल माली समाज द्वारा वित्त मंत्री श्री चौधरी का सब्जियों से तौल कर स्वागत किया गया।

Exit mobile version