Site icon chattisgarhmint.com

चिखली बाजार में 25 जून को निःशुल्क आयुर्वेद एवं होम्योपैथी चिकित्सा शिविर

रायगढ़, 23 जून 2026/ कलेक्टर के निर्देश एवं जिला आयुष अधिकारी रायगढ़ के मार्गदर्शन में विकासखंड पुसौर अंतर्गत चिखली बाजार में 25 जून गुरुवार को निःशुल्क आयुर्वेद एवं होम्योपैथी चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर प्रातः 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक सामुदायिक भवन, चिखली बाजार में आयोजित होगा। शिविर में अनुभवी चिकित्सकों द्वारा वातरोग, श्वास रोग, कास (खांसी), चर्म रोग, स्त्री रोग, अर्श, नेत्र रोग, जराव्याधि, दौर्बल्यता सहित विभिन्न बीमारियों का परीक्षण एवं उपचार किया जाएगा। साथ ही मरीजों को निःशुल्क औषधियों का वितरण भी किया जाएगा।
शिविर के दौरान आम नागरिकों के लिए निःशुल्क रक्त परीक्षण (हीमोग्लोबिन एवं शुगर जांच) की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, जिससे लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय पर जानकारी मिल सकेगी। शिविर प्रभारी डॉ. अजय नायक ने क्षेत्र के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आयुष विभाग द्वारा आयोजित इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।

Exit mobile version