• Sat. Apr 11th, 2026

chattisgarhmint.com

सच की बात है

प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत स्वास्थ्य शिविर आयोजित

Bychattisgarhmint.com

Apr 10, 2026


गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व और नियमित स्वास्थ्य जांच हेतु किया गया जागरूक


रायगढ़, 10 अप्रैल 2026/ प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत जिले के समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में व्यापक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह अभियान शासन के दिशा-निर्देशों तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत के मार्गदर्शन में संचालित किया गया।
इस अवसर पर गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराए गए और उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में हिमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर, शुगर, सिकलिन, मलेरिया, एच.आई.वी., वजन और ऊँचाई जैसी आवश्यक जांचें की गईं। महिलाओं को आयरन और कैल्शियम की गोलियों का वितरण किया गया। इसके अलावा स्त्री रोग विशेषज्ञों द्वारा महिलाओं को शरीर की स्वच्छता, पोषण और सुरक्षित प्रसव के महत्व पर विशेष परामर्श दिया गया। उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की निःशुल्क सोनोग्राफी कराई गई। शिविर में गर्भवती महिलाओं को लेबर रूम और ऑपरेशन थिएटर का दौरा कराते हुए उन्हें मानसिक रूप से सुरक्षित प्रसव के लिए तैयार किया गया, जिससे प्रसव के दौरान होने वाले तनाव को कम किया जा सके।
           प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत जिले में प्रतिमाह 9 एवं 24 तारीख को स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाता है। इसी कड़ी में 9 अप्रैल का आयोजित स्वास्थ्य शिविर में रायगढ़ जिले में कुल 740 गर्भवती माताओं की जांच की गई। जिसमें विकासखंडवार लोईंग में 61, पुसौर में 156, चपले में 127, तमनार में 60, धरमजयगढ़ में 198, लैलूंगा में 70 एवं घरघोड़ा-68 महिलाएं शामिल थी। प्रशासन ने महिलाओं को किसी भी समस्या के लिए तुरंत स्वास्थ्यकर्मी से संपर्क करने और सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित करने का संदेश दिया। जिला प्रशासन ने इस अवसर पर सभी गर्भवती महिलाओं से अपील की कि वे प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का लाभ अवश्य उठाएँ और अपने स्वास्थ्य की नियमित जांच कराएँ। स्वास्थ्यकर्मियों के मार्गदर्शन में नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या आंगनबाड़ी जाकर अपने और अपने बच्चे के पोषण पर ध्यान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *