Site icon chattisgarhmint.com

लैलूंगा में दिव्यांगजन एवं वृद्धजनों के लिए विशेष शिविर आयोजित, सैकड़ों हितग्राहियों को मिला लाभ


एक ही छत के नीचे मिली कई सुविधाएं, नशामुक्ति की दिलाई गई शपथ

रायगढ़, 13 फरवरी 2026/ जिले के सुदूर वनांचल जनपद पंचायत लैलूंगा परिसर में दिव्यांगजनों के चिन्हांकन, प्रमाणीकरण तथा वयोवृद्ध एवं पात्र हितग्राहियों के पेंशन सत्यापन के लिए एक दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन राज्य शासन के मंशानुरूप जिला प्रशासन के निर्देश पर किया गया। शिविर में क्षेत्र के दूर-दराज गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए पहुंचे और विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों एवं बुजुर्गों को एक ही स्थान पर आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराकर उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ना था। स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञों द्वारा दिव्यांगजनों का शारीरिक परीक्षण कर चिन्हांकन किया गया। पात्र हितग्राहियों के नए दिव्यांग प्रमाण पत्र (यूडीआईडी) बनाने तथा पुराने प्रमाण पत्रों के नवीनीकरण के लिए पंजीयन किया गया। इसके साथ ही वृद्धजनों एवं अन्य पात्र व्यक्तियों के पेंशन संबंधी दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन किया गया, जिससे रुकी हुई या नई पेंशन प्रक्रियाओं को गति मिल सके। कई हितग्राहियों को सहायक उपकरण प्रदान किए जाने हेतु भी चिन्हित किया गया। शिविर में पहुंचे बुजुर्गों और दिव्यांगजनों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गांव के समीप ही सुविधाएं उपलब्ध होने से उन्हें समय और संसाधनों की बचत हुई। प्रशासन ने भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी शिविर आयोजित करने का आश्वासन दिया।
शिविर में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति भगत, उपाध्यक्ष श्री मनोज अग्रवाल, जनपद पंचायत सीईओ लैलूंगा श्रीमती प्रीति नायडू सहित समाज कल्याण एवं स्वास्थ्य विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी और स्थानीय स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम उपस्थित रही। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे शिविरों से उन ग्रामीणों को विशेष लाभ मिलता है जो किसी कारणवश जिला मुख्यालय तक नहीं पहुंच पाते। कार्यक्रम के अंत में जनपद उपाध्यक्ष श्री मनोज अग्रवाल ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणों को नशामुक्ति अभियान के अंतर्गत शपथ दिलाई। उन्होंने सभी को नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प कराया। उन्होंने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि सामाजिक और आर्थिक प्रगति में भी बाधा उत्पन्न करता है।

Exit mobile version