Site icon chattisgarhmint.com

न्यौता भोजन कार्यक्रम में कलेक्टर श्री गोयल एवं सीईओ श्री यादव बच्चों के बीच बैठकर किये भोजन

Spread the love

न्यौता भोजन कार्यक्रम में कलेक्टर श्री गोयल एवं सीईओ श्री यादव बच्चों के बीच बैठकर किये भोजन
नटवर स्कूल रायगढ़ में हुआ न्यौता भोजन कार्यक्रम का आयोजन
रायगढ़, 23 फरवरी 2024/ बच्चों में पोषण शक्ति विकास के लिये सभी व्यक्ति, समाज, संगठन, समाजसेवी, गणमान्य व्यक्ति आगे आयें और अपना और अपने परिवार का विशेष दिन अपने पास के किसी सरकारी स्कूल के बच्चों के साथ मनायें, ताकि बच्चों को उच्च गुणवत्ता के साथ पोषणयुक्त भोजन मिल सके। उक्त बातें कलेक्टर श्री कार्तिकेया गोयल ने शासकीय नटवर अंग्रेजी माध्यम स्कूल रायगढ़ में आयोजित जिला स्तरीय प्रधानमंत्री पोषण शक्ति विकास योजना के तहत न्यौता भोजन कार्यक्रम में कही। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्री जितेन्द्र यादव भी उपस्थित रहे। न्यौता भोजन कार्यक्रम में कलेक्टर श्री गोयल एवं सीईओ श्री यादव बच्चों के बीच बैठकर भोजन भी ग्रहण किए। आज का न्यौता भोजन कार्यक्रम लायंस क्लब रायगढ़ मिडटाउन के सहयोग से आयोजित किया गया। जिसके लिये कलेक्टर श्री गोयल ने लायंस क्लब को धन्यवाद दिया।
         ज्ञात हो कि भारत सरकार की प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के निर्देशों में दर्शित तिथि भोजन को छत्तीसगढ़ शासन स्कूल शिक्षा विभाग के द्वारा शासकीय स्कूलों में न्यौता भोजन कार्यक्रम प्रारंभ किया है, जिसके तहत कोई भी व्यक्ति संगठन या समाज के लोग सरकारी स्कूलों में स्वेच्छा से भोज दे सकेंगे। न्यौता भोजन का उद्देश्य सरकारी स्कूल के बच्चों के भोजन में पोषक मूल्य में वृद्धि, समुदाय के बीच अपनेपन की भावना विकसित करना है। योजना के अंतर्गत कोई भी अपनी स्वेच्छा से स्कूलों में भोज आयोजित कर सकता है। उपरोक्त न्यूनतम पोषण के लिए स्कूलों को कोई नगद राशि या चेक नहीं दिया जाना है। प्रधानमंत्री पोषण शक्ति योजना के अंतर्गत बच्चों को स्कूलों में दिए जाने वाले मध्यान्ह भोजन को सामाजिक भागीदारी के जरिए और ज्यादा पोषक बनाने की एक उत्कृष्ट पहल है। न्यौता भोजन स्कूलों में दिए जाने वाले मध्यान्ह भोजन का विकल्प नहीं है, बल्कि यह मध्यान्ह भोजन के साथ दिया जा सकने योग्य अधिकतम पोषण आहार है।
         न्यौता भोजन के तहत विभिन्न त्योहारों और अवसरों जैसे जन्मदिन, शादी की वर्षगांठ, शादी, कोई धार्मिक आयोजन और अन्य राष्ट्रीय पर्व पर इसका आयोजन स्कूलों में किया जा सकता है और बच्चों को पौष्टिक स्वादिष्ट भोजन मध्यान्ह भोजन के साथ देकर खिलाया जा सकता है। इसके लिए सभी शासकीय शालाओं के प्राचार्यो और प्रधान पाठकों से संपर्क किया जा सकेगा। न्यौता भोजन का आयोजन सिर्फ  स्कूल परिसर में ही आयोजित किया जा सकेगा। इस योजना के तहत समुदाय के लोग शालाओं में किचन के बर्तन भी प्रदान कर सकते हैं। दानदाताओं को प्रोत्साहित करने के लिए उन्हें शाला की प्रार्थना समय एवं वार्षिक उत्सव जैसे अवसर पर सम्मानित किया जा सकता है। न्यौता भोजन में मध्यान्ह भोजन के साथ-साथ स्थानीय खान-पान के अनुसार पौष्टिक भोजन जैसे फल, दूध, मिठाई, बिस्कुट, हलवा, चिक्की, अंकुरित अनाज, पूरी, खीर और विशेष कर हमारे छत्तीसगढ़ के मिलेट्स को सम्मिलित किया जा सकता है। न्यौता भोजन में किसी भी स्थिति में फास्ट फ़ूड जैसे चाउमीन, मैगी, पास्ता, नूडल जैसे खाद्य पदार्थो का समावेश नही किया जाएगा।
         इस अवसर पर लायंस क्लब से शैलेश अग्रवाल, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायंस क्लब, विजय हरी अग्रवाल, अध्यक्ष, लायंस क्लब मिडटाउन, राजेश अग्रवाल, सदस्य, सुनील अग्रवाल, सदस्य राजेश अग्रवाल डीएसआर, सदस्य की उपस्थिति में नटवर स्कूल के 450 बच्चों के बीच बैठक भोजन ग्रहण किए। मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी बी बाखला, जिला मिशन समन्वयक नरेंद्र चौधरी, सहायक संचालक तरसीला एक्का, एपीसी भुवनेश्वर पटेल, आलोक स्वर्णकार, मोहम्मद फारुखी, मध्यान्ह भोजन प्रभारी, प्राचार्य रूबी एस वर्गीस एवं समस्त स्टाफ  नटवर स्कूल उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मंच संचालन प्राचार्य राजेश डेनियल ने किया।

Exit mobile version