• Mon. Mar 16th, 2026

chattisgarhmint.com

सच की बात है

मोर गांव मोर पानी जल संगवारी अभियान में संतान के नाम किया गया सोख्ता निर्माण

Bychattisgarhmint.com

Mar 15, 2026

ग्राम पंचायतों में जल संरक्षण जागरूकता अभियान तेज

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 15 मार्च 2026/जिले में जल संरक्षण और भूजल स्तर को बढ़ाने के उद्देश्य से “मोर गांव मोर पानी जल संगवारी अभियान” के तहत सोख्ता गड्ढा निर्माण का कार्य तेज़ी से किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत “संतान के नाम सोख्ता” बनाने की पहल भी शुरू की गई है, ताकि लोगों में जल संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता बढ़े। प्रशासन की इस पहल को ग्रामीण क्षेत्रों में अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है।

कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे एवं जिला पंचायत सीईओ इंद्रजीत बर्मन के निर्देशानुसार जनपद पंचायत बरमकेला के सीईओ अजय कुमार पटेल लगातार ग्राम पंचायतों का दौरा कर ग्रामीणों को सोख्ता निर्माण के लिए प्रेरित और जागरूक कर रहे हैं। ग्राम सभाओं और बैठकों के माध्यम से लोगों को बताया जा रहा है कि घरों, स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों के पास सोख्ता गड्ढा बनाकर वर्षा जल और उपयोग में आने वाले पानी को जमीन में पुनर्भरण किया जा सकता है।

अधिकारियों ने जानकारी दी कि बरमकेला विकासखंड में अब तक लगभग 5000 सोख्ता गड्ढों का निर्माण किया जा चुका है। इससे गांवों में जलभराव की समस्या कम होने के साथ-साथ भूजल स्तर को बनाए रखने में भी मदद मिल रही है।

सीईओ अजय कुमार पटेल ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक परिवार अपने घर के आसपास सोखता गड्ढा बनाकर पानी की बर्बादी को रोक सकता है। इससे न केवल स्वच्छता बनी रहती है, बल्कि जल संरक्षण को भी बढ़ावा मिलता है।

ग्राम पंचायतों में आयोजित जनजागरूकता कार्यक्रमों में पंचायत प्रतिनिधि, रोजगार सहायक और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित होकर इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग कर रहे हैं। प्रशासन का लक्ष्य है कि आने वाले समय में हर गांव में अधिक से अधिक सोख्ता गड्ढों का निर्माण हो, जिससे जल संरक्षण को बढ़ावा मिले और भविष्य के लिए पानी का सुरक्षित भंडार सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *