Site icon chattisgarhmint.com

मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना से किडनी रोगी को मिला निःशुल्क उपचार

Spread the love


जरूरतमंदों के लिए संजीवनी साबित हो रही शासन की पहल
रायगढ़, 26 दिसम्बर 2025/ मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना जरूरतमंद एवं गंभीर रोगों से पीड़ित मरीजों के लिए संजीवनी साबित हो रही है। रायगढ़ जिले के कोतरा रोड, बावलीकुआ निवासी श्रीमती कमला देवी को किडनी रोग के उपचार हेतु इस योजना के अंतर्गत निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया गया। श्रीमती कमला देवी विगत दस वर्षों से मधुमेह से पीड़ित थीं, जो समय के साथ गंभीर रूप लेती चली गई और किडनी की जटिल बीमारी में परिवर्तित हो गई। प्रारंभिक उपचार रायगढ़ में कराया गया, किंतु स्वास्थ्य की स्थिति अधिक बिगड़ने पर उन्हें रायपुर में भर्ती कराया गया। लंबे समय तक चले इलाज और आर्थिक तंगी के कारण आगे का उपचार कराना मरीज एवं परिजनों के लिए अत्यंत कठिन हो गया था। इसी दौरान स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत संचालित मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना की जानकारी मिली। योजना के अंतर्गत आवेदन करने पर हितग्राही को 2 लाख 90 हजार 400 की स्वीकृति प्राप्त हुई, जिसके माध्यम से मरीज को निःशुल्क एवं कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया गया। वर्तमान में मरीज की किडनी डायलिसिस उपचार प्रक्रिया निरंतर जारी है तथा उनके स्वास्थ्य में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। 
     बता दे कि कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के दिशा-निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत के मार्गदर्शन में जिले में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। इन योजनाओं के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर एवं गंभीर रोगों से पीड़ित मरीजों को समय पर निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे किसी भी पात्र नागरिक को केवल आर्थिक अभाव के कारण इलाज से वंचित न रहना पड़े। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत ने बताया कि इन योजनाओं का उद्देश्य जिले के प्रत्येक पात्र नागरिक को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करना है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे अपना आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवाएं और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लें।

Exit mobile version