Site icon chattisgarhmint.com

योग दिवस पर अमृत सरोवरों में दिखा उत्साह, ग्रामीणों ने किया सामूहिक योग

जामपाली और छोटे मुडपार में ग्रामीणों ने किया सामूहिक योग, स्वास्थ्य और फिटनेस का दिया संदेश

रायगढ़, 22जून 2026। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न अमृत सरोवर स्थलों पर योग कार्यक्रमों का आयोजन उत्साह एवं उल्लास के साथ किया गया। जिसमें ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और नियमित योग अपनाने का संकल्प लिया।
जनपद पंचायत पूसौर के ग्राम पंचायत तेलीपाली स्थित अमृत सरोवर जामपाली में आयोजित योग कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की। उन्होंने सामूहिक रूप से योगासन और प्राणायाम कर योग के महत्व को समझा तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। इसी प्रकार जनपद पंचायत खरसिया के ग्राम पंचायत छोटे मुडपार स्थित अमृत सरोवर नया तालाब में भी लोगों ने भाग लिया।कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षकों एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने योग को शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक बताते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
अमृत सरोवरों के प्राकृतिक वातावरण में आयोजित इन कार्यक्रमों ने ग्रामीणों को स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली के प्रति जागरूक करने का कार्य किया। योग दिवस के अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं निरोगी समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प भी लिया।

Exit mobile version