Site icon chattisgarhmint.com

पढ़ाई और मेहनत से ही युवा अपने भविष्य को सुरक्षित रखेंगे और कैरियर में सफल होंगे : कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे

Spread the love


राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर नशा मुक्ति एवं सामाजिक जागरूकता का आयोजन सम्पन्न

सारंगढ़ बिलाईगढ़, 12 जनवरी 2026/स्वामी विवेकानंद जी के जयंती पर्व में राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर सारंगढ़ ब्लॉक के हायर सेकेंडरी स्कूल हरदी में महिला बाल विकास विभाग एवं समाज कल्याण विभाग के सयुंक्त तत्वावधान में नशा मुक्ति एवं सामाजिक जागरूकता को लेकर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नशा मुक्त समाज के प्रचार-प्रसार हेतु रंगोली प्रतियोगिता एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें भाग लेने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनसमुदाय को नशा मुक्ति एवं बाल विवाह रोकथाम को लेकर शपथ दिलाई। विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों द्वारा केक तैयार किया गया, वहीं विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई रंगोलियों का कलेक्टर ने अवलोकन किया।
नशा मुक्ति जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत भारत माता वाहिनी के वाहन को कलेक्टर डॉ.  संजय कन्नौजे ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के उपलक्ष्य में बनाए गए सेल्फी फ्रेम पर ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सेल्फी लेते हुए सहभागिता निभाई।

इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय युवा दिवस प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद जी को समर्पित है। युवा ही देश का वर्तमान और भविष्य हैं। कक्षा 10वीं, 11वीं, 12वीं और कॉलेज का समय जीवन का सबसे महत्वपूर्ण दौर है। यदि इस समय मेहनत और अनुशासन के साथ लक्ष्य पर ध्यान दिया जाए तो भविष्य निश्चित रूप से सुरक्षित और सफल बनता है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को मेहनत, समय के महत्व को समझने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में कलेक्टर ने सभी विद्यार्थियों को राष्ट्रीय युवा दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Exit mobile version