Site icon chattisgarhmint.com

समर्थन मूल्य पर जिले में सरसों की खरीदी प्रारंभ


जल्द शुरू होगा मसूर-चना उपार्जन, दलहन-तिलहन उत्पादक किसानों में खुशी का माहौल

रायगढ़, 8 अप्रैल 2026/ जिले में दलहन एवं तिलहन फसलों के उपार्जन की प्रक्रिया आज से प्रारंभ हो गई है। प्राइस सपोर्ट स्कीम (पीएम आशा ) के अंतर्गत बिलासपुर संभाग में सर्वप्रथम रायगढ़ जिले के कोड़ातराई और कोतरा सहकारी समितियों में सरसों की समर्थन मूल्य पर खरीदी शुरू की गई। पहले दिन कोड़ातराई समिति में ग्राम तेलीपाली के कृषक श्री रामलाल पटेल एवं श्री खीरसागर पटेल से 26 क्विंटल तथा कोतरा सहकारी समिति में कृषक श्री संतराम पटेल एवं श्री बोधराम पटेल से 15 क्विंटल सरसों की खरीदी 6200 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की गई। इससे दलहन-तिलहन उत्पादक किसानों में खुशी का माहौल है।
बता दें कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के उद्देश्य से यह व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा उपार्जन कार्य को सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है, जिससे किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। जिला प्रशासन ने जानकारी दी है कि आगामी सप्ताह से जिले की 9 सहकारी समितियों में मसूर एवं चना की खरीदी भी प्रारंभ की जाएगी, जिससे अधिक से अधिक किसानों को योजना का लाभ मिल सकेगा।

Exit mobile version