• Wed. Apr 15th, 2026

chattisgarhmint.com

सच की बात है

महतारी वंदन योजना की राशि से बेटी के भविष्य को संवार रहीं पूर्णिमा धर्मा, अश्वनी को भी प्रदान कर रही आर्थिक संबल

Bychattisgarhmint.com

Apr 13, 2026


हाल ही में 26वीं किश्त जारी, लाखों महिलाओं के खातों में पहुंची राशि
ई-केवाईसी जरूरी, महिलाओं से समय पर अपडेट कराने की अपील

रायगढ़, 13 अप्रैल 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में संचालित महतारी वंदन योजना राज्य की महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रुपये की सहायता राशि प्रदान की जा रही है, जिससे वे अपनी दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ-साथ भविष्य के लिए बचत भी कर पा रही हैं।
हाल ही में योजना की 26वीं किश्त के रूप में प्रदेश की 68 लाख 48 हजार 899 महिलाओं के बैंक खातों में 641 करोड़ 62 लाख 92 हजार रुपये की राशि अंतरित की गई। किश्त जारी होते ही हितग्राही महिलाओं के मोबाइल पर सूचना पहुंची और उनके चेहरों पर खुशी देखने को मिली। जिले में भी लगभग 3 लाख महिलाएं इस योजना से लाभान्वित हो रही हैं। विकासखण्ड खरसिया के ग्राम मदनपुर की पूर्णिमा धर्मा इस योजना का सार्थक उपयोग कर रही हैं। उन्हें मिलने वाली सहायता राशि से वे अपनी बेटी कृति धर्मा के नाम संचालित सुकन्या समृद्धि योजना में नियमित निवेश कर रही हैं। पूर्णिमा के अनुसार, यह योजना उनकी बेटी के सुरक्षित भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
इसी प्रकार खरसिया क्षेत्र की श्रीमती अश्वनी भी इस योजना से लाभान्वित हो रही हैं। उनके अनुसार, योजना से प्राप्त राशि उनके दैनिक जीवन में आर्थिक संबल प्रदान कर रही है। अब उन्हें छोटी-छोटी जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता और वे आत्मनिर्भर बन रही हैं। योजना के अंतर्गत हितग्राही महिलाओं को निरंतर लाभ मिल सके, इसके लिए ई-केवाईसी अद्यतन का कार्य भी किया जा रहा है। यह प्रक्रिया 3 अप्रैल से प्रारंभ होकर 30 जून तक जारी है। ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत भवन एवं शहरी क्षेत्रों में वार्ड कार्यालयों के माध्यम से ई-केवाईसी की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सभी हितग्राही महिलाओं से अपील की गई है कि वे समय पर अपना ई-केवाईसी पूर्ण कराएं, ताकि उन्हें योजना की राशि बिना किसी बाधा के निरंतर प्राप्त होती रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *