Site icon chattisgarhmint.com

निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के साथ नहीं किया जाएगा समझौता- कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी

Spread the love

कलेक्टर ने नगर निगम रायगढ़ के प्रमुख निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण, नालंदा परिसर का सिविल वर्क 30 जून तक पूरा करने के सख्त निर्देश

कलेक्टर ने निर्माणाधीन नालंदा परिसर, नवीन मरीन ड्राइव, कया घाट पुल एवं ऑक्सीजोन के प्रगति का लिया जायजा

रायगढ़,9 दिसम्बर 2025। नगर निगम रायगढ़ अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने निर्माणधीन कार्यों एवं स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर एवं उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर आयुक्त नगर निगम श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने सबसे पहले नगर निगम रायगढ़ अंतर्गत निर्माणाधीन नालंदा परिसर का निरीक्षण किया। वहां उन्होंने नगर निगम की तकनीकी टीम एवं निर्माण एजेंसी से कार्य की वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्माणाधीन नालंदा परिसर का सिविल वर्क 30 जून तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि गुणवत्ता में किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसी को कार्य के प्रति पूर्ण गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। इसके बाद कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने नवीन मरीन ड्राइव एवं कया घाट पर प्रस्तावित पुल निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुल की चौड़ाई बढ़ाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। नगर निगम आयुक्त श्री क्षत्रिय ने बताया कि कलेक्टर के निर्देशानुसार रिवाइज्ड डिजाइन के साथ पुल निर्माण कार्य किया जाएगा। कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने एफसीआई गोदाम कबीर चौक के समीप बन रहे ऑक्सीजोन का भी निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्य जनसामान्य की सुविधा और शहर के समग्र विकास से जुड़े हैं, इनकी समयबद्ध पूर्णता और गुणवत्ता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी, इंजीनियरिंग स्टाफ तथा संबंधित निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Exit mobile version