Site icon chattisgarhmint.com

ऑपरेशन आघात के तहत रायगढ़ पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी : 3 थानों में अवैध ताड़ी व महुआ शराब जब्त

चक्रधरनगर, पूंजीपथरा और लैलूंगा में रेड—अवैध शराब बिक्री पर पुलिस का शिकंजा

चक्रधरनगर पुलिस ने 40 लीटर ताड़ी, पूंजीपथरा ने 10 लीटर और लैलूंगा ने 27 लीटर महुआ शराब की जब्त, 4 आरोपी गिरफ्तार

आरोपियों पर आबकारी एक्ट के तहत कड़ी वैधानिक कार्रवाई, आरोपियों को भेजा गया न्यायिक रिमांड पर

एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश : “नशे के अवैध कारोबार पर जीरो टॉलरेंस—अवैध शराब या किसी भी अनैतिक गतिविधि की सूचना दें, त्वरित और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी”

रायगढ़, 19 अप्रैल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत 18 एवं 19 अप्रैल को चक्रधरनगर, पूंजीपथरा और लैलूंगा थाना क्षेत्रों में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध सघन कार्रवाई करते हुए ताड़ी एवं महुआ शराब की बड़ी मात्रा में जब्ती की गई है तथा 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। चक्रधरनगर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम टारपाली में फरवतालू कनकटी नामक व्यक्ति अपने किराये के मकान के पास अवैध ताड़ी (छिंद रस) की बिक्री कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर गवाहों की उपस्थिति में घेराबंदी कर आरोपी फरवतालू कनकटी (52 वर्ष), निवासी तेलंगाना, हाल मुकाम टारपाली को पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से 40 लीटर ताड़ी, जिसकी कीमत लगभग 4000 रुपये है, जब्त की गई। आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। इसी क्रम में पूंजीपथरा थाना पुलिस ने 18 अप्रैल को बंजारी मंदिर के आगे मुख्य मार्ग ढलान के पास जंगल क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए आरोपी श्याम उर्फ शुभ्रम कसेर (27 वर्ष), निवासी उज्जवलपुर को पकड़ा। आरोपी के कब्जे से 10 बल्क लीटर कच्ची महुआ शराब, कीमत 3000 रुपये, जब्त की गई। आरोपी अवैध शराब बिक्री हेतु ग्राहक का इंतजार कर रहा था। उसके विरुद्ध भी आबकारी एक्ट की धारा 34(2), 59(क) के तहत कार्रवाई की गई। लैलूंगा थाना पुलिस ने 19 अप्रैल को ग्राम पोतरा (कोरवापारा) में कार्रवाई करते हुए आरोपी सहदेव पहाड़ी कोरवा (62 वर्ष) के कब्जे से 7 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब, कीमत 1400 रुपये, जब्त की। वहीं दूसरी कार्रवाई में आरोपी दिपेश कुमार चक्रवर्ती (25 वर्ष), निवासी पोतरा के कब्जे से 20 लीटर महुआ शराब, कीमत 2000 रुपये, जब्त की गई। दोनों आरोपियों पर भी आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

👉 एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश — “ऑपरेशन आघात के तहत अवैध शराब और नशे के कारोबार के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। आम नागरिकों से अपील है कि अपने आसपास होने वाले अवैध नशे के कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।”

Exit mobile version