➡️ छाल पुलिस की त्वरित कार्रवाई — महिला से दुष्कर्म करने वाला आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार
➡️ कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म, अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर देता रहा धमकी
➡️ आरोपी द्वारा वायरल करने की धमकी देकर लगातार किया जा रहा था शारीरिक शोषण
➡️ पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना छाल में बीएनएस की धारा 64(2)(एम) के तहत अपराध पंजीबद्ध
➡️ एसएसपी का संदेश — महिलाओं एवं नाबालिगों से जुड़े अपराधों में जीरो टॉलरेंस, आरोपी को सजा दिलाने तक पुलिस करेगी सख्त पैरवी : शशि मोहन सिंह *रायगढ़, 3 फरवरी* । छाल थाना क्षेत्र में महिला से दुष्कर्म की शिकायत पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पीड़िता द्वारा 2 फरवरी को थाना छाल में आवेदन प्रस्तुत कर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। महिला ने बताया कि वह स्वास्थ्यगत कारणों से जनवरी 2025 से मायके में रह रही है। अप्रैल माह में कच्चे मकान की मरम्मत के लिए छाल के चन्द्रभान यादव के माध्यम से मिट्टी गिरवाई थी, तभी से आरोपी का घर आना-जाना शुरू हो गया।
● मामले का विवरण–
पीड़िता के अनुसार 6 अप्रैल रविवार को आरोपी उसके काम से छुट्टी के दिन शाम को उसके घर आया और बातचीत में उलझाकर कोल्ड ड्रिंक पिलाया, जिसे पीने के कुछ समय बाद उसे नींद आने लगी। घर में अकेला पाकर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील फोटो व वीडियो बना लिया। इसके बाद आरोपी वायरल करने की धमकी देकर लगातार शारीरिक शोषण करता रहा।
● महिला शिकायत पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई–
महिला के आवेदन पर थाना प्रभारी छाल निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी द्वारा तत्काल अपराध क्रमांक 11/2026 धारा 64(2)(एम) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। महिला उप निरीक्षक दीपिका निर्मलकर एवं महिला थाना टीम द्वारा पीड़िता के कथन दर्ज कर मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके पश्चात पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी चन्द्रभान यादव पिता दुर्ग विजय यादव, निवासी ग्राम शाहपुर पोस्ट अजीजाबाद थाना जहानागंज जिला आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश), हाल मुकाम ISC साइडिंग नदी किनारे हाटी पेट्रोल पंप के पास थाना छाल क्षेत्र को गिरफ्तार किया। आरोपी की मेडिकल जांच एवं गिरफ्तारी की औपचारिकताएं पूर्ण कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। इस पूरे मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन पर त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी छाल निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के हमराह प्रधान आरक्षक शंभू पाण्डेय, शंकर क्षत्रिय और आरक्षक भगवती लक्ष्मे की अहम भूमिका रही है ।
👉 एसएसपी श्री सिंह ने स्पष्ट किया है कि “महिलाओं एवं नाबालिगों के विरुद्ध अपराधों में पुलिस जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए आरोपी की गिरफ्तारी से लेकर न्यायालय में सशक्त पैरवी कर सजा दिलाने तक पूरी गंभीरता से कार्य करेगी।*”
