Site icon chattisgarhmint.com

आईटीआई अंबेडकर आवास में चोरी का खुलासा

Spread the love

दो आरोपी गिरफ्तार टीवी और नकदी बरामद

रायगढ़, 27 सितंबर। चक्रधरनगर पुलिस ने सुनसान मकान से सोने-चांदी के जेवर और टीवी चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया है । पुलिस ने आरोपियों से चोरी किया टीवी, नगदी रकम और चोरी में प्रयुक्त सामान बरामद कर उन्हें जेल भेजा है। घटना 25 अगस्त का है, जब आईटीआई अंबेडकर आवास कॉलोनी निवासी राधेश्याम साहू अपने गांव बलौदाबाजार गए हुए थे। वापसी पर उन्होंने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है और अलमारी का लाकर भी क्षतिग्रस्त है। घर से सोने का मंगलसूत्र, कान की बाली, अंगूठी, नगदी ₹1000, एक एलईडी टीवी और रेडमी मोबाइल समेत लगभग ₹60,000 का सामान चोरी हो चुका था। 28 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज कराया गया थाना चक्रधरनगर में अज्ञात आरोपी पर अपराध क्रमांक 388/25 धारा 331 (4), 305 (ए) बीएनएस अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने मोहल्ले के ही कमल पंजवानी उर्फ बब्बन सिंधी और उसके साथी अंशुल जाल उर्फ गोविंदा पर शक जताया। पूछताछ में दोनों ने वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने ताला तोड़कर चोरी की और जेवरात को बीमार मां का इलाज कराने का बहाना बनाकर गिरवी रख दिया। पुलिस ने बब्बन से चोरी की नगदी ₹1000, वारदात में प्रयुक्त लोहे की रॉड और अंशुल से चोरी किया गया टीवी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी—(1) कमल पंजवानी उर्फ बब्बन पिता चंद्रभान पंजवानी, उम्र 22 वर्ष, निवासी मकान नंबर 253 अंबेडकर आवास आईटीआई कॉलोनी, थाना चक्रधरनगर और (2) अंशुल जाल उर्फ गोविंदा पिता स्व. ललित जाल, उम्र 28 वर्ष, निवासी मकान नंबर 270 अंबेडकर आवास आईटीआई कॉलोनी हैं। दोनों के खिलाफ चोरी के अलावा संगठित अपराध की धारा 112 (1) बीएनएस जोड़ी गई है। आरोपियों को आज रिमांड पर भेजा गया है और आगे की जांच जारी है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल के दिशा-निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई। टीम में सहायक उप निरीक्षक नंद कुमार सारथी, प्रधान आरक्षक श्यामदेव साहू और आरक्षक अभय नारायण यादव शामिल रहे।

Exit mobile version