8 जुलाई, रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे "ऑपरेशन आघात" के तहत छाल पुलिस ने ग्राम खेदापाली में छापेमार कार्रवाई कर एक महिला को महुआ शराब का अवैध विक्रय करते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 30 लीटर महुआ शराब जब्त कर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम खेदापाली में सविता सतनामी अपने घर के समीप इमली के पेड़ के नीचे अवैध रूप से महुआ शराब बेच रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के निर्देशन में सहायक उप निरीक्षक शिव खरे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान पुलिस ने महिला को ग्राहकों को महुआ शराब बेचते हुए पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 15-15 लीटर क्षमता की दो प्लास्टिक जरीकेन में भरी कुल 30 लीटर महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत ₹6,000 है, बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर विधिवत कार्रवाई करते हुए महुआ शराब जब्त कर लिया। आरोपिया सविता सतनामी, पति झंगलूराम सतनामी, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम खेदापाली, थाना छाल, जिला रायगढ़ के विरुद्ध धारा 34(2), 59(क) छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक शिव खरे, प्रधान आरक्षक अशोक देवांगन, शंकर सिंह क्षत्री, शंभू पाण्डेय तथा महिला आरक्षक रंजिता चौहान की सराहनीय भूमिका रही।
“ऑपरेशन आघात” के तहत छाल पुलिस की कार्रवाई, ग्राम खेदापाली में 30 लीटर महुआ शराब के साथ महिला गिरफ्तार

