Site icon chattisgarhmint.com

साइबर और महिला सुरक्षा पर कार्यशाला आयोजित

Spread the love

साइबर सुरक्षा और महिला सुरक्षा पर रायगढ़ और तमनार में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

रायगढ़, 21 अगस्त 2025- पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग कुमार के निर्देश पर जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में साइबर सेल तथा थाना प्रभारियों द्वारा साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव और जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में किरोड़ीमल शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में साइबर सेल से निरीक्षक नासिर खान और प्रधान आरक्षक दुर्गेश सिंह ने छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को ऑनलाइन ठगी के नए-नए तरीकों के बारे में बताया, जैसे ओटीपी साझा करने पर होने वाले फर्जीवाड़े, बैंकिंग फ्रॉड, सोशल मीडिया हैकिंग और फर्जी लिंक के माध्यम से धोखाधड़ी। उन्होंने छात्रों को साइबर फ्रॉड से बचने के लिए अपने मोबाइल और बैंक संबंधी डाटा को सुरक्षित रखने, अजनबी नंबर से आई कॉल और मैसेज पर विश्वास न करने तथा किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी की घटना तुरंत नजदीकी थाने या साइबर हेल्पलाइन नंबर पर रिपोर्ट करने की सलाह दी। इसी प्रकार थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर ने अपने स्टाफ के साथ कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोढ़ी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान छात्राओं को साइबर सुरक्षा के साथ-साथ नवीन कानूनों के बारे में जानकारी दी गई। महिला सुरक्षा से जुड़े विषयों पर भी विस्तार से चर्चा करते हुए उन्हें पोक्सो एक्ट, टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम तथा अन्य कानूनी प्रावधानों के बारे में बताया गया। साथ ही यातायात नियमों का पालन करने और सड़क दुर्घटनाओं से बचने के लिए ट्रैफिक सुरक्षा संबंधी सुझाव दिए गए।

Exit mobile version