• Wed. Nov 11th, 2026

    chattisgarhmint.com

    सच की बात है

    ऑपरेशन आघात के कोतरारोड़ के ग्राम कांटाहरदी और जोरापाली में पुलिस की बड़ी रेड कार्रवाई, 180 लीटर महुआ शराब के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

    Bychattisgarhmint.com

    Nov 11, 2026
    Spread the love

    ग्राम कांटाहरदी में पहली रेड पर 120 लीटर महुआ शराब के साथ खगेश्वर पटेल उर्फ मुन्ना गिरफ्तार, जोरापाली में शिव सारथी से 60 लीटर शराब जप्त

    आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(2), 59-क आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर भेजा गया रिमांड पर

    रायगढ़, 11 नवंबर । एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में जिले में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत कल शाम कोतरारोड़ पुलिस ने अवैध महुआ शराब के कारोबार पर दो बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्राम जोरापाली और कांटाहरदी में अलग-अलग दबिश देकर अवैध महुआ शराब के दो सप्लायरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 180 लीटर महुआ शराब, जिसकी कीमत करीब 18 हजार रुपये है, जब्त की गई है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

        जानकारी के अनुसार कल शाम अवैध शराब की सूचना पर डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह द्वारा विशेष टीम गठित कर शराब रेड कार्रवाई के लिए टीम को रवाना किया गया । पुलिस को ग्राम कांटाहरदी निवासी खगेश्वर पटेल उर्फ मुन्ना द्वारा अपने मकान के पीछे गली में भारी मात्रा में कच्ची महुआ शराब रखकर बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार करने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर कुछ व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर खेत की ओर भाग निकले, वहीं मौके पर एक व्यक्ति जरीकेन एवं प्लास्टिक बोरी में भरी महुआ शराब के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम खगेश्वर पटेल उर्फ मुन्ना, पिता खेलकुमार पटेल, उम्र 42 वर्ष, निवासी कांटाहरदी बताया। उसके कब्जे से कुल 120 लीटर महुआ शराब, जिसकी कीमत करीब 12 हजार रुपये है, बरामद की गई। आरोपी ने शराब बिक्री के उद्देश्य से रखना स्वीकार किया।
    
        इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम जोरापाली चौक के पास एक व्यक्ति झाड़ियों में महुआ शराब छिपाकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर संदेही शिव सारथी, पिता मंदिर सारथी, उम्र 20 वर्ष, निवासी उसरौट, थाना कोतरारोड़ को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 20-20 लीटर क्षमता की पन्नियों में भरी कुल 60 लीटर महुआ शराब, कीमत करीब ₹6000 बरामद हुई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
    
         दोनों मामलों में आरोपियों के विरुद्ध पृथक-पृथक धारा 34(2), 59-क आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
    
         एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन तथा डीएसपी श्रीमती उन्नति ठाकुर के सुपरविजन पर इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक शील आदित्य सिंह, एएसआई मनमोहन बैरागी, प्रधान आरक्षक बाबूलाल पटेल तथा आरक्षक दिनेश गोंड, विजय कुशवाहा, लक्ष्मी पटेल, राजेश खाण्डे, चुड़ामणी गुप्ता, मनोज यादव एवं बंशी रात्रे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

    👉🏻 एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश

          “नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। नशे के कारोबारियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।”

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *