पीएम श्री नटवर इंग्लिश स्कूल में जिला स्तरीय विज्ञान मेला एवं विज्ञान नाटिका प्रतियोगिता आयोजित
रायगढ़, 12 नवम्बर 2026/ विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता और नवाचार की भावना विकसित करने के उद्देश्य से पीएम श्री शासकीय नटवर इंग्लिश स्कूल, रायगढ़ में जिला स्तरीय बाल विज्ञान प्रदर्शनी, पश्चिम भारत विज्ञान मेला एवं विज्ञान नाटिका प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन किया गया। इसमें जिले के विभिन्न विकासखंडों से पहुंचे विद्यार्थियों ने विज्ञान आधारित मॉडल, परियोजनाओं और विज्ञान नाटिका के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस वर्ष प्रतियोगिता की मुख्य थीम “सतत एवं विकसित भारत के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार” रखी गई थी।
कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिजीत बबन पठारे के मार्गदर्शन में आयोजित प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, नवीकरणीय ऊर्जा, सतत विकास और तकनीकी नवाचार जैसे विषयों पर आधारित आकर्षक मॉडल प्रस्तुत किए। साथ ही दैनिक जीवन में आने वाली समस्याओं के वैज्ञानिक समाधान भी प्रदर्शित किए। व्यक्तिगत एवं सामूहिक परियोजनाओं, शिक्षण अधिगम सामग्री, प्रश्नमंच और विज्ञान नाटिका के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता एवं वैज्ञानिक समझ का परिचय दिया। इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ प्रयोग, अवलोकन और तर्क के माध्यम से सीखने के लिए प्रोत्साहित करना है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित होने के साथ नई चीजें सीखने और नवाचार करने की रुचि बढ़ती है। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी श्री एस.एन. साहू, जिला मिशन समन्वयक श्री आलोक स्वर्णकार सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न विकासखंडों से आए शिक्षक, मार्गदर्शक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। आयोजन स्कूल शिक्षा विभाग जिला रायगढ़ द्वारा एससीईआरटी रायपुर के सौजन्य से किया गया।

