• Sun. Nov 15th, 2026

    chattisgarhmint.com

    सच की बात है

    सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का शुभारंभ

    Bychattisgarhmint.com

    Nov 15, 2026
    Spread the love

    कलेक्टर ने कोतरी उपार्जन केंद्र में पूजा-अर्चना कर की खरीदी की शुरुआत

    सारंगढ़-बिलाईगढ़, 15 नवंबर 2026। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत आज से सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ हो गई है। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू (भा.प्र.से.) सेवा सहकारी समिति मर्यादित कोतरी के धान उपार्जन केंद्र पहुंचीं और कांटा-बांट तथा धान की ढेरी की विधिवत पूजा-अर्चना कर खरीदी कार्य का शुभारंभ किया।

    शुभारंभ के दौरान कलेक्टर ने केंद्र में धान विक्रय के लिए पहुंचे किसानों का पुष्पमाला पहनाकर और तिलक लगाकर स्वागत किया तथा उन्हें धान खरीदी की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने केंद्र में मौजूद अधिकारियों और समिति प्रबंधकों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और खरीदी कार्य सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए।

    कलेक्टर श्रीमती साहू ने धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण करते हुए कहा कि उपार्जन केंद्रों पर किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बारदाने की पर्याप्त उपलब्धता, पेयजल और छाया की व्यवस्था, तौल मशीनों की सटीकता तथा नमी मापक यंत्रों की उपलब्धता का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि छोटे और वास्तविक किसानों को प्राथमिकता के साथ धान खरीदी का लाभ दिलाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। खरीदी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता या बिचौलियों की संलिप्तता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

    इस अवसर पर सहकारिता एवं उद्योग समिति के सभापति श्री हरिहर जायसवाल, जिला खाद्य अधिकारी श्री विनय कुजूर, सहायक आयुक्त सहकारिता श्री कामेश सिंह कश्यप, जिला विपणन अधिकारी श्री गुलाब सिंह राठौड़, सहकारी निरीक्षक श्री लकेश्वर देवांगन, बैंक पर्यवेक्षक श्री दीपक सिंह पैंकरा, समिति के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *