रायगढ़, 19 फरवरी 2026/ ई-रोजगार पोर्टल में पंजीकृत आवेदकों के लिए 24 फरवरी, मंगलवार को प्रातः 10ः30 बजे से शासकीय आईटीआई परिसर, घरघोड़ा में प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया जाएगा। निजी क्षेत्र की विभिन्न रिक्तियों को भरने के उद्देश्य से आयोजित इस कैंप में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों के योग्य अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। कैंप में शामिल होने के लिए आवेदक का ई-रोजगार पोर्टल में पंजीकृत होना अनिवार्य है।
इस प्लेसमेंट कैंप में.परिश्रम रिसोर्स प्रा. लि., गुरुग्राम (हरियाणा) द्वारा मीटर इंस्टॉलर एवं सुपरवाइजर के 300 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए आईटीआई एवं नॉन आईटीआई अभ्यर्थी पात्र होंगे तथा वेतनमान 15,000 से 25,000 रुपये प्रतिमाह निर्धारित है। इसके अतिरिक्त में.एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड, रायगढ़ द्वारा लाइफ मित्र के 120 पद (योग्यता 10वीं पास, वेतनमान 5,000 से 10,000 रुपये), सेल्स ऑफिसर के 40 पद (योग्यता स्नातक, वेतनमान 15,000 से 20,000 रुपये) तथा डेवलपमेंट ऑफिसर के 20 पद (योग्यता स्नातक, वेतनमान 20,000 रुपये प्रतिमाह) पर भर्ती की जाएगी। इन पदों का कार्यक्षेत्र तमनार, घरघोड़ा, लैलूंगा एवं धरमजयगढ़ क्षेत्र रहेगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि इच्छुक एवं पात्र आवेदक अपने समस्त मूल प्रमाण पत्रों के साथ निर्धारित तिथि और समय पर उपस्थित होकर प्लेसमेंट कैंप में भाग ले सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय, रायगढ़ से संपर्क किया जा सकता है।
शासकीय आईटीआई परिसर, घरघोड़ा में प्लेसमेंट कैंप 24 फरवरी को, 480 से अधिक पदों पर होगी भर्ती
