• Tue. Feb 24th, 2026

chattisgarhmint.com

सच की बात है

विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, तय समय-सीमा में कार्य करें पूर्ण-कलेक्टर

Bychattisgarhmint.com

Feb 23, 2026

इतवारी बाजार ऑक्सीजोन को 10 दिन में पूरा करने के दिए निर्देश
एसईसीएल साइड में प्रस्तावित मरीन ड्राइव और निर्माणाधीन स्टॉप डैम का भी लिया जायजा
नगर निगम क्षेत्र के निर्माण कार्यों का कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण

रायगढ़, 23 फरवरी 2026/ शहर के सर्वांगीण विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने आज नगर निगम क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और समय-सीमा की बारीकी से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि रायगढ़ के विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन का लक्ष्य है कि समय पर, गुणवत्तापूर्ण और जनहितकारी निर्माण हो ताकि रायगढ़ एक स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आधुनिक शहर के रूप में नई पहचान बना सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण हों।
         कलेक्टर ने वार्ड क्रमांक 1 स्थित दूध डेयरी क्षेत्र में निर्माणाधीन ऑक्सीजोन का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि आगामी आठ महीनों के भीतर ऑक्सीजोन और प्लेग्राउंड का निर्माण पूर्ण कर नागरिकों को समर्पित किया जाए। इसके बाद कलेक्टर ने इतवारी बाजार क्षेत्र में निर्माणाधीन ऑक्सीजोन का निरीक्षण किया और आगामी दस दिनों के भीतर कार्य पूर्ण करने की सख्त समय-सीमा तय की। उन्होंने कहा कि निर्धारित अवधि में कार्य पूर्ण न होने पर जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल हरियाली बढ़ाने का प्रयास नहीं, बल्कि शहरवासियों को स्वच्छ हवा, स्वास्थ्यवर्धक वातावरण और बच्चों के लिए सुरक्षित खेल परिसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
कलेक्टर ने शहर की जीवनरेखा केलो रिवर के पुनरुद्धार के तहत बनाए जा रहे मरीन ड्राइव का भी गहन निरीक्षण किया। न्यू शनि मंदिर से कायाघाट तक निर्माणाधीन हिस्से की धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने मुख्य सड़क और मरीन ड्राइव का कार्य आगामी बरसात को ध्यान में रखते हुए 30 जून से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए। एसईसीएल साइड में प्रस्तावित मरीन ड्राइव और निर्माणाधीन स्टॉप डैम का भी निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस अवसर पर सहायक कलेक्टर श्री अक्षय डोसी, आयुक्त नगर निगम श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *