समय की बचत के साथ बेहतर हुआ परिवार का स्वास्थ्य
रायगढ़, 29 मार्च 2026/ जहां कभी हर सुबह पानी की चिंता के साथ शुरू होती थी, आज वही दिन सुकून, सुविधा और मुस्कान के साथ गुजर रहा है। यह बदलाव है ग्राम किरीतमाल के लोगों के जीवन में, जिनकी दिनचर्या जल जीवन मिशन के चलते पूरी तरह बदल चुकी है।
जिला रायगढ़ के विकासखंड खरसिया से लगभग 30 किलोमीटर दूर बसे किरीतमाल गांव में कुछ साल पहले तक पानी की भारी किल्लत थी। एक साधारण किसान परिवार की गृहिणी तनूजा यादव के लिए हर दिन की शुरुआत पानी की व्यवस्था से होती थी। गांव में कुछ सीमित हैंडपंप ही पानी का एकमात्र साधन थे, जिनसे पानी लाने के लिए उन्हें लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। कई बार दिन में दो से तीन बार चक्कर लगाना उनकी मजबूरी थी। गर्मियों में स्थिति और भी चुनौतीपूर्ण हो जाती थी। हैंडपंप सूख जाते, और जो चलते भी थे, वहां लंबी कतारें लगी रहती थीं। घंटों इंतजार करने के बाद भी पर्याप्त पानी मिलना मुश्किल होता था। इस रोजमर्रा के संघर्ष ने न केवल उनका समय और ऊर्जा छीनी, बल्कि परिवार की दिनचर्या और बच्चों की पढ़ाई पर भी गहरा असर डाला।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई जल जीवन मिशन योजना इस गांव के लिए किसी वरदान से कम नहीं साबित हुई। योजना के तहत गांव में पाइपलाइन बिछाई गई और हर घर तक नल कनेक्शन पहुंचाया गया। जब तनूजा यादव के घर में पहली बार नल से पानी आया, तो वह पल उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा था। अब उन्हें पानी के लिए घर से बाहर नहीं जाना पड़ता। इस सुविधा ने उनके जीवन को न केवल आसान बनाया है, बल्कि उन्हें अपने समय का बेहतर उपयोग करने का अवसर भी दिया है। जो समय पहले पानी लाने में खर्च होता था, अब वह समय वे परिवार की देखभाल, घर के कामों और बच्चों के साथ बिताने में लगा रही हैं।
स्वच्छ और सुरक्षित पानी मिलने से उनके परिवार के स्वास्थ्य में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है। पहले जहां दूषित पानी के कारण छोटी-छोटी बीमारियां आम थीं, अब वे समस्याएं काफी हद तक खत्म हो गई हैं। सबसे बड़ा सकारात्मक बदलाव उनके बच्चों के जीवन में आया है। पहले जहां बच्चों को भी पानी लाने में हाथ बंटाना पड़ता था, अब वे नियमित रूप से स्कूल जा रहे हैं और अपनी पढ़ाई पर पूरा ध्यान दे पा रहे हैं। आज तनूजा यादव गर्व और संतोष के साथ कहती हैं कि जल जीवन मिशन ने उनके जीवन को नई दिशा दी है।
जल जीवन मिशन से बदली ग्राम किरीतमाल की तस्वीरअब नहीं तय करनी पड़ती लंबी दूरी, घर में मिल रहा स्वच्छ पानी
