नीट तैयारी से लेकर मेडिकल करियर विकल्पों तक मिली विस्तृत जानकारी
रायगढ़, 16 अप्रैल 2026/ कलेक्टर के निर्देश एवं सहायक आयुक्त श्री एस. के. दुबे के मार्गदर्शन में शासकीय आवासीय प्रयास विद्यालय, रायगढ़ में विद्यार्थियों के लिए करियर गाइडेंस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विशेष रूप से मेडिकल क्षेत्र में उपलब्ध करियर विकल्पों, प्रतियोगी परीक्षाओं और भविष्य की संभावनाओं के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य एवं प्रशासनिक अधिकारी श्री तिवारी द्वारा किया गया। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक युग में सही दिशा और मार्गदर्शन ही विद्यार्थियों को सफलता के शिखर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से ऐसे अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मिड़मिड़ा के व्याख्याता श्री नरेंद्र देवांगन उपस्थित रहे। उन्होंने अपने लंबे शिक्षण अनुभव के आधार पर विद्यार्थियों को मेडिकल क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
व्याख्याता श्री देवांगन ने विद्यार्थियों को मेडिकल फील्ड में उपलब्ध विभिन्न करियर विकल्पों जैसे एमबीबीएस, बीडीएस, बीएएमएस, बीएचएमएस, नर्सिंग, पैरामेडिकल, लैब टेक्नीशियन और रेडियोलॉजी के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी। साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षा नीट की तैयारी के लिए सही रणनीति, समय प्रबंधन, नियमित अभ्यास और मानसिक दृढ़ता के महत्व पर विशेष जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतरता, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण अत्यंत आवश्यक है। उनके प्रेरणादायक उदाहरणों से विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार हुआ।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अपने करियर से जुड़े सवाल पूछे, जिनका मुख्य वक्ता ने सरल और स्पष्ट रूप से समाधान किया। इस संवादात्मक सत्र ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं को दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार द्वारा मुख्य वक्ता का आभार व्यक्त किया गया। प्राचार्य श्री तिवारी ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए बेहद उपयोगी होते हैं और भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन निरंतर किए जाते रहेंगे।
प्रयास विद्यालय में करियर गाइडेंस कार्यक्रम, मेडिकल क्षेत्र की संभावनाओं से रूबरू हुए विद्यार्थी
