• Sat. May 16th, 2026

chattisgarhmint.com

सच की बात है

एच.पी.व्ही. टीकाकरण अभियान: 18 किशोरियों को लगाया गया टीका

Bychattisgarhmint.com

May 15, 2026

बेटियों के सुरक्षित भविष्य के लिए एच.पी.व्ही. टीकाकरण जरूरी, स्वास्थ्य विभाग की पालकों से अपील

रायगढ़, 15 मई 2026/ कलेक्टर के निर्देश तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत के मार्गदर्शन में महिलाओं में ग्रीवा कैंसर (सर्वाइकल कैंसर) की रोकथाम के लिए एच.पी.व्ही. टीकाकरण अभियान रायगढ़ शहरी क्षेत्र में प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में 15 मई को रायगढ़ शहरी क्षेत्र में कुल 18 बालिकाओं का एच.पी.व्ही. टीकाकरण किया गया। यह टीकाकरण जिले के तीन प्रमुख कोल्ड चैन प्वाइंट-शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रामभांठा, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र गांधीनगर (जूटमिल) एवं किरोड़ीमल शासकीय जिला चिकित्सालय रायगढ़ में किया जा रहा है।
शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग (15 वर्ष पूर्ण न किया हो) की किशोरियों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने स्वास्थ्य विभाग लगातार प्रयासरत है। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. भानुप्रताप पटेल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री रंजना पैंकरा एवं शहरी कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. सोनाली मेश्राम के मार्गदर्शन में टीकाकरण कार्यक्रम को गति दी जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा घर-घर पहुंचकर जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, ए.एन.एम., एम.पी.डब्ल्यू., क्षेत्र समन्वयक, मितानिन प्रशिक्षक एवं मितानिनों द्वारा विशेष प्रयास करते हुए पात्र बालिकाओं को टीकाकरण के लिए प्रेरित किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रामभांठा एवं शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र गांधीनगर में यह वैक्सीन निःशुल्क उपलब्ध है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों का समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं। यह टीका केवल बीमारी से सुरक्षा नहीं बल्कि बेटियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की मजबूत नींव है। अधिक जानकारी के लिए नागरिक अपने नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र या ए.एन.एम. से संपर्क कर सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग का संकल्प है कि रायगढ़ जिले की प्रत्येक बेटी स्वस्थ, सुरक्षित और जागरूक बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *