• Sat. May 16th, 2026

chattisgarhmint.com

सच की बात है

सुशासन तिहार में लोगो की समस्याओं का हो रहा त्वरित एवं प्रभावी निराकरण

Bychattisgarhmint.com

May 15, 2026

राजपुर शिविर में बड़ी संख्या में प्रकरणों का मौके पर निराकरण

महतारी वंदन योजना के तहत 39 महिलाओं का हुआ केवाईसी

आयुष्मान कार्ड, श्रम कार्ड एवं आवास योजनाओं से हितग्राही लाभान्वित

5 महिला स्वसहायता समूहों को सौंपे गए डबरी, 3 लखपति दीदियों का हुआ सम्मान

विभागीय स्टॉलों में ग्रामीणों को मिली योजनाओं की जानकारी और मार्गदर्शन

रायगढ़, 15 मई 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप संचालित सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत लैलूंगा विकासखंड के ग्राम राजपुर में आज जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों का उत्साह एवं प्रशासन के प्रति विश्वास देखने को मिला। शिविर में क्लस्टरवार 23 ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया था, जिसमें ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। शिविर में 1100 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें राजस्व, पंचायत, खाद्य, स्वास्थ्य, आवास एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़े प्रकरण प्रमुख रहे। कई मामलों का मौके पर ही निराकरण कर हितग्राहियों को त्वरित राहत प्रदान की गई।
शिविर में पहुंचे राज्यसभा सांसद श्री देवेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि सुशासन तिहार शासन और आमजन के बीच मजबूत संवाद का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। इसके माध्यम से प्रशासन सीधे गांवों तक पहुंच रहा है और लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित शिविरों से आम नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल रहा है, जिससे लोगों का शासन के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।
पूर्व मंत्री श्री सत्यानंद राठिया ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य केवल आवेदन प्राप्त करना नहीं, बल्कि आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता, गंभीरता एवं प्राथमिकता के साथ निराकरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए समय-सीमा में उसका समाधान किया जाए, ताकि ग्रामीणों को वास्तविक राहत मिल सके। जनपद पंचायत अध्यक्ष ज्योति भगत ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को शासन की योजनाओं की जानकारी मिल रही है तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने महिलाओं, युवाओं एवं ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील भी की। इस अवसर पर श्री मनोज अग्रवाल, श्री अमरसाय, श्री हेमसागर नाग, श्री चरणसिंह नाग, श्रीमती सौभागी गुप्ता, सरपंच, स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, प्रशानिक अधिकारी कर्मचारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

शिविर में हितग्राहियों को मिला जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ
शिविर में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। महतारी वंदन योजना अंतर्गत 39 महिलाओं का ई-केवाईसी किया गया। वहीं श्रम विभाग द्वारा 4 हितग्राहियों को श्रम कार्ड प्रदान किए गए तथा 13 हितग्राहियों को राशन कार्ड वितरित किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत 5 हितग्राहियों को खुशियों की चाबी सौंपकर उनके पक्के आवास का सपना साकार किया गया। समाज कल्याण विभाग द्वारा 8 वरिष्ठजनों को पेंशन प्रमाण पत्र एवं सहायक उपकरण प्रदान किए गए। उद्यान विभाग द्वारा 10 हितग्राहियों को फलदार पौधों का वितरण किया गया। मनरेगा अंतर्गत 5 महिला स्व-सहायता समूहों को आजीविका संवर्धन के लिए डबरी का प्रमाण पत्र सौंपा गया, जिससे समूहों को आयवर्धन गतिविधियों में सहायता मिलेगी।
महिला सशक्तिकरण की दिशा में उल्लेखनीय कार्य करते हुए आत्मनिर्भर बनीं 3 लखपति दीदियों का सम्मान भी किया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने समूह आधारित आजीविका गतिविधियों से हुए सकारात्मक बदलावों को साझा किया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं, पात्रता एवं लाभ की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया तथा कई प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *