• Tue. Jun 23rd, 2026

chattisgarhmint.com

सच की बात है

पांच दिवसीय योग शिविर में 637 लोगों ने किया योगाभ्यास, स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हुए ग्रामीण

Bychattisgarhmint.com

Jun 22, 2026

नियमित योगाभ्यास से अनेक बीमारियों की रोकथाम संभव: डॉ. अजय नायक

रायगढ़, 22 जून 2026/ 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विकासखंड पुसौर के ग्राम बुनगा में 17 से 21 जून तक पांच दिवसीय योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान 637 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में हिस्सा लिया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय नायक ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है और व्यक्ति तनावमुक्त जीवन जी सकता है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवन जीने की वैज्ञानिक पद्धति है। योग की सही विधियों को अपनाकर कई बीमारियों से बचाव और उनसे निजात पाना आसान हो जाता है। योग शरीर की कार्यक्षमता बढ़ाने, मानसिक एकाग्रता विकसित करने और सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

ग्रामीणों ने सीखे योगासन और प्राणायाम के गुर
योग प्रशिक्षक दुलामनी रजक ने उपस्थित ग्रामीणों, विद्यार्थियों एवं जनप्रतिनिधियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। शिविर में सामूहिक योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने का संदेश दिया गया। प्रतिभागियों ने नियमित रूप से योग करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

स्वस्थ समाज निर्माण के लिए दिलाई गई नशा मुक्ति की शपथ
कार्यक्रम के दौरान स्वस्थ और नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से सभी उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर सरपंच बेद प्रकाश साव, डॉ. जागृति पटेल, भोज कुमार मालाकार, राजेश साव, वर्षा ठेठवार, ग्रहण मैत्री, सुरेश सोनी, प्रेम बाई मैत्री, समस्त पंचगण, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, शिक्षक, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *