• Wed. Jun 24th, 2026

chattisgarhmint.com

सच की बात है

राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा में 213 विद्यार्थियों का चयन

Bychattisgarhmint.com

Jun 23, 2026

आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी विद्यार्थियों को मिलेगा छात्रवृत्ति का लाभ

रायगढ़, 23 जून 2026/ राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा (एनएमएमएस) 2025-26 में रायगढ़ एवं सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 213 सीटों पर चयन प्राप्त किया है। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा जारी चयन सूची के अनुसार चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से आगे की पढ़ाई के लिए छात्रवृत्ति का लाभ प्रदान किया जाएगा। राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को शिक्षा जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना तथा उन्हें आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराना है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रायगढ़ एवं सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले से कुल 3509 विद्यार्थियों ने परीक्षा के लिए पंजीयन कराया था, जिनमें से 3050 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा परिणाम में 1602 विद्यार्थी पात्र घोषित किए गए, जबकि निर्धारित कोटे के अनुसार 213 विद्यार्थियों का अंतिम चयन किया गया। इस उपलब्धि पर कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने रायगढ़ जिले के चयनित विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों एवं शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन तथा अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने के लिए शुभकामनाएं दीं। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि चयनित विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के माध्यम से उनकी आगे की शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता प्राप्त होगी। वहीं जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा रायगढ़ ने भी चयनित विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को बधाई देते हुए इसे गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *