• Thu. Jul 16th, 2026

chattisgarhmint.com

सच की बात है

भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए शांति समिति की बैठक आयोजित

Bychattisgarhmint.com

Jul 15, 2026

सुरक्षा, यातायात, पेयजल और विद्युत व्यवस्था पर बनी कार्ययोजना

यातायात रहेगा नियंत्रित, वैकल्पिक मार्गों की होगी व्यवस्था

भजन मंडलियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजेगी शोभायात्रा

रायगढ़, 15 जुलाई 2026/ भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी, एसडीएम श्री महेश शर्मा, टेªफिक डीएसपी श्री उत्तम प्रताप सिंह, नगर निगम, विद्युत विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं रथ यात्रा आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यात्रा मार्ग की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पुलिस पेट्रोलिंग, सड़क किनारे रखी निर्माण सामग्री हटाने, ढीले विद्युत तारों एवं लूज विद्युत प्वाइंट की मरम्मत, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। संबंधित विभागों को सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि रथ यात्रा के दौरान गांजा चौक से चांदनी चौक, केवड़ा बाड़ी बस स्टैण्ड से चांदनी चौक, बाघ तालाब से चांदनी चौक तथा पैलेस रोड से चांदनी चौक में दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की जाएगी। यात्रा मार्ग पर खड़े वाहनों को हटाने तथा भीड़ प्रबंधन के लिए भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि भगवान जगन्नाथ की शोभायात्रा में भजन मंडलियों के साथ आर्केस्ट्रा भी शामिल रहेगा। इससे रथ यात्रा का धार्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण और अधिक भव्य बनेगा। बैठक में निर्णय लिया गया कि यात्रा मार्ग एवं प्रमुख स्थलों पर पेयजल के लिए पानी के टैंकर उपलब्ध कराए जाएंगे। राजा महल के समीप एंबुलेंस की व्यवस्था रहेगी तथा पुलिस द्वारा लगातार पेट्रोलिंग की जाएगी। सोनारपारा में आयोजित होने वाले भंडारे के लिए पेयजल सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में अधिकारियों ने कहा कि जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन रथ यात्रा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा। सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आयोजन समिति के सदस्यों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाते हुए रथ यात्रा के सफल आयोजन के लिए आवश्यक सुझाव साझा किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *