• Tue. Feb 10th, 2026

chattisgarhmint.com

सच की बात है

पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति 2025-26 हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ

Bychattisgarhmint.com

Dec 25, 2025

रायगढ़, 25 दिसम्बर 2025/ छत्तीसगढ़ राज्य के निवासी शासकीय/शासकीय महाविद्यालय, विश्वविद्यालय, इंजीनियरिंग कॉलेज, मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, पॉलिटेक्निक एवं आई.टी.आई. संस्थानों में अध्ययनरत अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के पात्र विद्यार्थियों के लिए शिक्षा सत्र 2025-26 की ऑनलाइन पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति (कक्षा 12वीं से उच्चतर) के पंजीयन एवं आवेदन, स्वीकृति एवं वितरण की कार्यवाही विभागीय पोर्टल http://postmatric-scholarship.cg.nic.in के माध्यम से ऑनलाइन की जा रही है।
सहायक आयुक्त आदिवासी विकास रायगढ़ ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य के बाहर अध्ययनरत छत्तीसगढ़ निवासी विद्यार्थियों के लिए भी आवेदन/पंजीयन की तिथियां निर्धारित की गई हैं। विद्यार्थी नवीन एवं नवीनीकरण दोनों श्रेणियों में 15 जनवरी तक ऑनलाइन आवेदन पंजीयन कर सकते हैं। इसके पश्चात संस्थाओं द्वारा प्रस्ताव लॉक कर सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास को 05 फरवरी तक प्रेषित किया जाना अनिवार्य है। शासकीय संस्था अथवा जिला कार्यालय द्वारा स्वीकृति आदेश लॉक करने की अंतिम तिथि 08 फरवरी, जिला कार्यालय द्वारा भुगतान हेतु राज्य कार्यालय को प्रेषित करने की अंतिम तिथि 10 फरवरी एवं छात्रवृत्ति भुगतान जारी करने की अंतिम तिथि 5 फरवरी तक निर्धारित की गई है।
पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति हेतु पात्रता निर्धारित करते हुए बताया गया है कि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति विद्यार्थियों के पालक की वार्षिक आय सीमा 2.50 लाख रुपये तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 1.00 लाख रुपये निर्धारित है। साथ ही सक्षम अधिकारी द्वारा जारी स्थायी जाति प्रमाण-पत्र, छत्तीसगढ़ का मूल निवास प्रमाण-पत्र एवं अध्ययनरत पाठ्यक्रम के विगत वर्ष का परीक्षा परिणाम अनिवार्य रूप से संलग्न करना होगा। छात्रवृत्ति का भुगतान पीएफएमएस के माध्यम से आधार आधारित किया जाएगा। अतः विद्यार्थियों को आवेदन करते समय यह सुनिश्चित करना होगा कि उनका बैंक खाता सक्रिय हो एवं आधार से लिंक (सीडेड) हो। इसके अतिरिक्त शिक्षा सत्र 2025-26 में अनुसूचित जनजाति एवं अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों को एनएसपी पोर्टल से ओटीआर प्राप्त करना अनिवार्य किया गया है, जिसके लिए राज्य छात्रवृत्ति पोर्टल पर दिए गए निर्देशों का पालन किया जा सकता है।
विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित तिथियों के पश्चात शिक्षा सत्र 2025-26 की पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति हेतु ऑनलाइन पोर्टल बंद कर दिया जाएगा। समय-सीमा के भीतर प्रक्रिया पूर्ण नहीं होने की स्थिति में यदि विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित रह जाते हैं, तो इसके लिए संबंधित संस्था प्रमुख जिम्मेदार होंगे। प्रशासन ने सभी पात्र विद्यार्थियों से अपील की है कि वे समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूर्ण कर छात्रवृत्ति योजना का लाभ सुनिश्चित करें।

One thought on “पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति 2025-26 हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *