• Thu. Oct 22nd, 2026

chattisgarhmint.com

सच की बात है

एम.ए. की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 5 मेधावी छात्राओं को मिला नोटपैड, सपनों को मिलेगी उड़ान

Bychattisgarhmint.com

Dec 26, 2025

विभागीय योजनांतर्गत प्रदान किए गए नोटपैड
छात्राओं ने कहा कि अब डिजिटल माध्यम से अध्ययन सामग्री तक पहुंच होगी आसान 

रायगढ़, 26 दिसम्बर 2025/ संघर्ष और सीमित संसाधनों के बीच निरंतर मेहनत करने वाली छात्राओं के लिए जब उनकी उपलब्धियों को पहचान मिलती है, तो वह पल उनके आत्मविश्वास को नई ऊंचाई देता है। रायगढ़ जिले की मेधावी छात्राओं के साथ भी ऐसा ही हुआ, जब उन्हें उनकी शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए आदिवासी विकास विभाग की योजनांतर्गत नोटपैड प्रदान किए गए। शहीद नंद कुमार पटेल विश्वविद्यालय में अध्ययनरत ग्राम-तरेकेला की कुसुम पटेल ने एम.ए. अर्थशास्त्र में प्रथम स्थान, रायगढ़ की बनीता गुप्ता ने एम.ए. इतिहास में द्वितीय, पुसौर की नीलम ने एम.ए. भूगोल में द्वितीय, रायगढ़ की अंजलि गुप्ता ने एम.ए. राजनीति विज्ञान में तृतीय तथा लक्ष्मीन पटेल ने एम.ए. संस्कृत में सातवां स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। 
       इन छात्राओं को उनकी इस उपलब्धि के लिए हाल ही में आयोजित कार्यक्रम में विभागीय योजनांतर्गत नोटपैड प्रदान किए गए। नगर निगम ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री एवं कृषि मंत्री श्री राम विचार नेताम तथा वित्त मंत्री श्री ओ.पी.चौधरी ने छात्राओं को नोटपैड सौंपते हुए कहा कि राज्य सरकार शिक्षा को सशक्तिकरण का सबसे प्रभावी माध्यम मानती है और मेधावी विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। नोटपैड मिलने से छात्राओं में उत्साह का माहौल है। इस दौरान छात्राओं ने कहा कि अब वे डिजिटल माध्यम से अध्ययन सामग्री तक आसानी से पहुंच सकेंगी और आगे की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी बेहतर ढंग से कर सकेंगी। आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त श्री श्रीकांत दुबे ने बताया कि पोस्ट मैट्रिक अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या छात्रावास रायगढ़ में रहकर अध्ययन करने वाले इन छात्राओं को स्नातकोत्तर की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर करने पर विभागीय योजनान्तर्गत नोटपैड प्रदान किया गया है।

2 thoughts on “एम.ए. की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 5 मेधावी छात्राओं को मिला नोटपैड, सपनों को मिलेगी उड़ान”

Comments are closed.